Saint Ravidas Jayanti Development Camp : सारण के पानापुर प्रखंड की बेलौर पंचायत में संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर हुई और उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया. शिविर में उनके विचारों के साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए संचालित 22 सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.
संत रविदास के विचारों को किया गया याद
कार्यक्रम में संत रविदास जी के जीवन, सामाजिक चिंतन और मानवता, समानता व भाईचारे के संदेश पर चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना के खिलाफ आवाज उठाई तथा समानता और सद्भाव का संदेश दिया.
आज भी प्रासंगिक हैं संत रविदास के विचार
प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी उदय शंकर सिंह ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं. उनके बताए रास्ते पर चलकर आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है.
22 सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
विकास शिविर के उद्देश्य की जानकारी देते हुए विकास मित्र अरुण कुमार कश्यप ने बताया कि बिहार सरकार की ओर से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 22 योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोग आवेदन कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं.
वंचित लोगों से आवेदन करने की अपील
शिविर के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभुकों को आवेदन के लिए प्रेरित किया गया. आयोजकों ने कहा कि जिन लोगों को अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, वे संबंधित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं.
लोगों ने लिया सामाजिक समरसता का संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. इस दौरान सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
स्थानीय लोगों की रही भागीदारी
कार्यक्रम में विकास मित्र अजय कुमार राम, किसान सलाहकार अरुण कुमार कश्यप, विकास मित्र पुनम कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. सभी ने संत रविदास जी के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया.
Also Read : परसा में शराब मामले का नामजद आरोपी गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहा था फरार
