मांझी प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षा बंधन का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल देखी गई. बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की. वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया.
इस दौरान सबसे आकर्षक नजारा छोटे बच्चों का रहा, नन्ही बच्चियों ने भी अपने नन्हे भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी कार्टून वाली राखियां बांधी, कई जगहों पर 3 से 5 साल की बच्चियों ने तिलक लगाकर, आरती उतारकर, अपने भाइयों को राखी बांधी, जिसे देखकर लोग भावुक हो गए. छोटे-छोटे बच्चों का यह प्रेम सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा.
प्रखंड के मांझी, ताजपुर, महम्मदपुर, सिंगही, भजौना, नचाप, चेफुल, डुमरी, सहित विभिन्न गावों में सुबह से ही राखी और मिठाइयों की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही. बहनों ने आकर्षक राखियां, मिठाइयां, और उपहारों की खरीदारी की, जो बहनें अपने मायके से दूर थीं, वे भी अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए घर पहुंचीं.
घरों में सुबह से ही पकवान बनने लगे, बहनों ने अपने हाथों से भाइयों के लिए खास व्यंजन तैयार किए, बुजुर्ग महिलाओं ने नई पीढ़ी को रक्षा बंधन के पौराणिक महत्व के बारे में बताया, उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ नारी सम्मान का भी प्रतीक है.
