सारण के राजेंद्र कॉलेज में स्टाफ काउंसिल की बैठक, शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

राजेंद्र कॉलेज में प्रभारी प्राचार्य प्रो. संजय कुमार की अध्यक्षता में स्टाफ काउंसिल की अहम बैठक हुई. इसमें कॉलेज के शैक्षणिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. प्राचार्य ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.

Rajendra College: राजेंद्र कॉलेज परिसर में प्रभारी प्राचार्य प्रो संजय कुमार की अध्यक्षता में स्टाफ काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन, आधारभूत संरचना के विकास, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न सेवा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी.

कॉलेज की मौजूदा स्थिति पर प्राचार्य ने रखी रिपोर्ट

बैठक की शुरुआत प्रभारी प्राचार्य प्रो संजय कुमार के अध्यक्षीय संबोधन से हुई. उन्होंने महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्रयोगशालाओं और कक्षाओं के आधुनिकीकरण तथा विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं के स्थायी और समयबद्ध समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया.

प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना होगा.

शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया

शिक्षक संघ के सचिव डॉ प्रशांत कुमार सिंह ने शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को बैठक में रखा. उन्होंने कक्षाओं और प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ करने की मांग की. साथ ही बीसीए और बीबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को और प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

उन्होंने शिक्षकों के बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने की मांग भी उठायी. इसके अलावा विश्वविद्यालय की ओर से चिकित्सा अवकाश और अर्जित अवकाश के दौरान वेतन कटौती की प्रक्रिया पर रोक लगाने का आग्रह किया.

कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर भी हुई चर्चा

शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरिहर मोहन ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को बैठक में रखा. उन्होंने लंबित प्रोन्नति और वेतनांतर के भुगतान की मांग की. साथ ही सामूहिक बीमा राशि के न्यायोचित भुगतान, कार्यस्थल पर बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवा शर्तों से जुड़े मामलों का जल्द निष्पादन करने पर जोर दिया.

विश्वविद्यालय स्तर की समस्याओं पर जतायी चिंता

बैठक में कर्मचारियों से जुड़े मामलों में विश्वविद्यालय की उदासीनता पर भी चिंता व्यक्त की गयी. वक्ताओं ने कहा कि समस्याओं के समय पर समाधान नहीं होने के कारण मुकदमों की संख्या बढ़ रही है. उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे.

समस्याओं के समाधान का प्राचार्य ने दिया भरोसा

प्रभारी प्राचार्य प्रो संजय कुमार ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि महाविद्यालय स्तर की समस्याओं का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जायेगा. वहीं विश्वविद्यालय स्तर से जुड़े मामलों को सक्षम प्राधिकार के समक्ष मजबूती से रखा जायेगा.

बैठक में प्रो अशोक कुमार सिन्हा, प्रो पूनम सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >