NCC Cadets Felicitation: राजेंद्र महाविद्यालय की 1/7 कंपनी एनसीसी की ओर से बी सर्टिफिकेट प्राप्त कैडेट्स के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया. अनुशासित जीवनशैली, कठिन परिश्रम और एकता के प्रति निष्ठा के आधार पर कैडेट्स को विभिन्न रैंक भी प्रदान किये गये.
प्राचार्य ने कैडेट्स को दी बधाई
समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने सभी एनसीसी कैडेट्स को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने एकता और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘कर्म ही पूजा है’ के सिद्धांत को जीवन में अपनाना सफलता की कुंजी है.
अनुशासन और एकता बनाए रखने की अपील
एनसीसी अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद ने कैडेट्स से निरंतर अनुशासन और एकता बनाए रखने की अपील की. सूर्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सूर्य की पहचान उसका अनुशासन है. भीषण गर्मी, बरसात या ठंड, हर परिस्थिति में सूर्य अपने निर्धारित समय पर उदय और अस्त होता है. इसी नियमबद्धता के कारण पूरी मानव जाति उसका सम्मान करती है. उन्होंने कैडेट्स से अपने जीवन में भी कड़े नियम निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
समारोह में डॉ. बेठियार सिंह साहू, डॉ. कन्हैया प्रसाद, डॉ. निधि कुमारी, डॉ. विकास कुमार तथा डॉ. एजाज अहमद सहित अन्य शिक्षक एवं एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे.
