18 मई से प्रमंडल के दो केंद्रों पर ली जायेगी फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा
13 मई को जारी होगा पीजी परीक्षा का एडमिट कार्ड
प्रतिनिधि, छपरा. 18 मई से शुरू होने वाली पीजी फोर्थ सेमेस्टर सत्र 2022-24 की परीक्षा के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. इस परीक्षा के लिए सारण जिले के पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं का केंद्र विश्वविद्यालय स्थित मल्टीपरपस परीक्षा भवन को बनाया गया है. जबकि सीवान और गोपालगंज के पीजी कॉलेजों में नामांकित छात्र-छात्राओं की परीक्षा राजा सिंह कॉलेज सीवान में ली जायेगी. परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि कुछ छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गये हैं. जिन्हें 12 मई तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म भरने का अवसर दिया गया है. 13 मई को परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया जायेगा. पूर्व में जिन छात्र-छात्राओं ने फॉर्म भर दिया है. उनका एडमिट कार्ड तैयार कर लिया गया है. वहीं 12 मई को परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया क्लोज होने के उपरांत 13 मई की दोपहर तक सभी पीजी कॉलेजों में एडमिट कार्ड भेज दिया जायेगा. जहां छात्र-छात्राएं विभाग स्तर पर अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकेंगे. परीक्षा प्रारंभ होने से पहले विश्वविद्यालय स्तर पर परीक्षा मंडल की बैठक आयोजित की जायेगी. जिसमें शांतिपूर्ण तथा कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न कराये जाने को लेकर गाइडलाइन जारी होगा.
ये है पीजी फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा का शेड्यूल
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि 18 मई से प्रारंभ होने वाली इस परीक्षा का शेड्यूल भी विश्वविद्यालय के वेबसाइट तथा सभी पीजी कॉलेजों तथा जेपीयू के अंतर्गत संचालित 17 पीजी विभागों में प्रकाशित कर दिया गया है. मुख्य विषयों की परीक्षा 18 से 20 मई तक दो पालियों में आयोजित की जायेगी. इस परीक्षा के लिए पीजी के सभी 17 विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, कॉमर्स, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, दर्शनशास्त्र तथा हिंदी को रखा गया है. जबकि ग्रुप बी में गणित, रसायन शास्त्र, भौतिकी, जूलॉजी, बॉटनी, गृह विज्ञान, मनोविज्ञान तथा भूगोल शामिल है. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक ली जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.