NDA Success Story : एकमा प्रखंड के अतरसन पंचायत के शिवरी गांव में रविवार को जश्न और भावुकता का माहौल एक साथ देखने को मिला. गांव के होनहार लाल अमन कुमार सिंह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे. देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की परीक्षा पास कर सेना में अफसर बने अमन के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा. गांव की सीमा स्थित रसूलपुर चौक पर पहुंचते ही ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान पूरा इलाका 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा.
पिता सेना में थे, बेटे ने पूरा किया सपना
अमन कुमार सिंह के पिता स्वर्गीय अनिल सिंह भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा करते थे. ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी के कारण उनका आकस्मिक निधन हो गया था. पिता के निधन के बाद मां अंजू देवी ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपने इकलौते बेटे का हौसला बनाए रखा. अमन ने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए सेना में अफसर बनने का संकल्प लिया और आज उसे पूरा कर दिखाया.
जबलपुर में हुई अमन की पढ़ाई-लिखाई
पिता की सेना में तैनाती के कारण अमन का परिवार मध्यप्रदेश के जबलपुर में रहता था. अमन की शुरुआती पढ़ाई से लेकर आगे की शिक्षा-दीक्षा भी जबलपुर में ही हुई. वहीं रहकर उन्होंने एनडीए परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की. सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनके स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी.
कंधे पर उठाकर निकाला जुलूस
अमन के गांव पहुंचते ही युवाओं ने उन्हें कंधों पर उठा लिया. ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ गांव में जुलूस निकाला गया. ग्रामीणों ने अमन पर फूलों की बारिश की और उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया. पूरे रास्ते भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे. गांव के लोगों में अमन की उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह नजर आया.
मां ने बेटे की आरती उतारी तो भावुक हुआ माहौल
जब अमन की मां अंजू देवी ने अपने वीर बेटे की आरती उतारी, तो वहां मौजूद लोगों की आंखें खुशी और गर्व से नम हो गईं. बेटे की उपलब्धि को लेकर मां के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. ग्रामीणों ने भी इस पल को बेहद भावुक और गौरवपूर्ण बताया.
सारण के युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
गांव के गणमान्य लोगों ने कहा कि अमन ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. पिता के निधन के बाद भी उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और सेना में अफसर बनने का सपना पूरा किया. उनकी सफलता एकमा प्रखंड ही नहीं, बल्कि पूरे सारण जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश है.
बोले लेफ्टिनेंट अमन, देश की रक्षा में सर्वस्व करूंगा समर्पित
स्वागत समारोह के दौरान लेफ्टिनेंट अमन कुमार सिंह भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि आज उनके पिता का सपना पूरा हुआ है. वह जो कुछ भी हैं, अपनी माता के संघर्ष, स्वर्गीय पिता के आशीर्वाद और ग्रामीणों के प्यार की बदौलत हैं. उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा करेंगे और देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करेंगे.
गांव में बांटी गई मिठाई
अमन की सफलता की खुशी में गांव में मिठाइयां बांटी गईं. इस ऐतिहासिक अवसर पर कामेश्वर सिंह मुन्ना समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. ग्रामीणों ने अमन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की.
