सारण के मढ़ौरा में विकास मित्रों की समीक्षा बैठक, राशन कार्ड अभियान में तेजी लाने का निर्देश

मढ़ौरा में विकास मित्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राशन कार्ड अभियान को तेज करने का निर्देश दिया गया. संत गुरु रविदास विकास शिविर की तैयारियों पर भी चर्चा हुई. योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

स्थानीय प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में शनिवार को विकास मित्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी रंजय कुमार सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में संत गुरु रविदास विकास शिविर की तैयारियों और राशन कार्ड अभियान के सफल क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया.

राशन कार्ड के आवेदनों में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर ने सभी पंचायतों के विकास मित्रों को राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पंचायतों में लंबित ऑफलाइन आवेदनों को अविलंब प्रखंड कार्यालय में जमा कराया जाये.

पोर्टल बंद होने की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने सभी बचे हुए ऑफलाइन आवेदनों को समय पर जमा कराने को कहा, ताकि पात्र लाभुक राशन कार्ड से वंचित न रहें.

संत गुरु रविदास विकास शिविर की तैयारियों पर चर्चा

बैठक में आगामी संत गुरु रविदास विकास शिविर के आयोजन और उसकी पूर्व तैयारियों को लेकर बिंदुवार चर्चा की गयी. अधिकारियों ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की रूपरेखा तैयार की.

योजनाओं का पंचायत स्तर पर करें प्रचार-प्रसार

विकास मित्रों को अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाये, ताकि कोई भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं और कल्याणकारी अभियानों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सभी विकास मित्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दायित्वों को तत्परता से पूरा करने का निर्देश दिया गया.

मौके पर विकास मित्र निशा कुमारी, शारदा देवी, अजय रावत समेत दर्जनों कर्मी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोकामना सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >