सारण में लिफ्ट देकर यात्रियों को लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार, कार और चाकू बरामद

मकेर थाना पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों को लूटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कार, नकदी, मोबाइल और चाकू बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपितों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

मकेर. थाना पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से एक आई-10 कार, 6 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक चाकू और कई खाली लिफाफे बरामद किए गए हैं.

वाहन जांच के दौरान पुलिस को हुआ शक

छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर गौरी टोला तीनमुहानी के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने तेज रफ्तार आई-10 कार को रोकने का प्रयास किया. कार में बैठे एक बुजुर्ग के साथ धक्का-मुक्की होती देख पुलिस को संदेह हुआ. चालक के भागने की कोशिश और पीछे का नंबर प्लेट ढका होने के कारण पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया.

लिफ्ट देने के बहाने बनाते थे शिकार

पूछताछ में मधुबनी निवासी ललन मंडल ने बताया कि वह सोनहो चौक से घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान आरोपितों ने उन्हें लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया. कुछ दूर जाने के बाद खुद को कुरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर कैश और सामान लिफाफे में रखने को कहा. विरोध करने पर चाकू दिखाकर उनसे नकदी लूट ली गई.

तीन आरोपित गिरफ्तार, कई सामान बरामद

पुलिस ने मौके से शत्रुधन सहनी, विकास कुमार राय और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान चाकू, 6 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल, खाली लिफाफे और दो आधार कार्ड बरामद किए गए. पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे यात्रियों को लिफ्ट देकर नकली चेकिंग के नाम पर उनका सामान लूटते थे.

आरोपितों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

थानाध्यक्ष संग्राम सिंह ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों पर पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन जांच और गश्ती अभियान चलाया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >