startup incubation center: विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के सीनेट हॉल में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य विभाग तथा स्वदेशी जागरण मंच, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार बाजपेई ने की.
उद्यमिता से माइग्रेशन और ब्रेन ड्रेन की चुनौतियों से निपटने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय कुमार ने कहा कि उद्यमिता के माध्यम से युवा माइग्रेशन, फैमिली माइग्रेशन और ब्रेन ड्रेन जैसी गंभीर चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपट सकते हैं. उन्होंने युवाओं से रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया.
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही जीविका
जीविका, छपरा के प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि जीविका ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है. उन्होंने महिला सशक्तीकरण एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में जीविका की विभिन्न पहलों की जानकारी दी.
युवाओं को स्टार्टअप के अवसरों की दी जानकारी
जिला उद्योग केंद्र, छपरा के महाप्रबंधक प्रियांशु राज ने स्टार्टअप के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप के लिए उपलब्ध अवसरों, संभावनाओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी और नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
विद्यार्थियों के सफल स्टार्टअप की दी जानकारी
जिला स्टार्टअप समन्वयक सुरभि सिंह ने सारण जिले में जय प्रकाश विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा संचालित किए जा रहे सफल स्टार्टअप की जानकारी साझा की. उन्होंने विद्यार्थियों की उद्यमशीलता क्षमता और उनके नवाचारों को रेखांकित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के युवा स्टार्टअप एवं नवाचार के क्षेत्र में बेहतर संभावनाएं प्रस्तुत कर रहे हैं.
विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की घोषणा
कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार बाजपेई ने कहा कि स्टार्टअप केवल व्यवसाय नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, स्वावलंबन एवं समस्याओं के समाधान से जुड़ी अवधारणा है. उन्होंने एक सफल उद्यमी के गुणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सफल उद्यमी में व्यक्तिगत विवेक, सामाजिक संवेदना और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव होना चाहिए.
कुलपति ने विश्वविद्यालय में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जय प्रकाश विश्वविद्यालय में इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नवाचारों एवं व्यावसायिक विचारों को विकसित करने तथा उन्हें उद्यम में परिवर्तित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होगा.
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गोप ने किया.
कार्यक्रम में प्रो. राजेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, प्रो. सुरेंद्र कुमार गुप्ता, प्रो. सिद्धार्थ शंकर, प्रो. उदय शंकर ओझा, प्रो. गजेंद्र कुमार, प्रो. अमरनाथ प्रसाद, कुलसचिव प्रो. नारायण दास, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. उदयन समाजपति, डॉ. पीयूष भदानी, डॉ. जया कुमारी पांडेय, रमेश कुमार एवं अर्थशास्त्र तथा वाणिज्य विभाग के विद्यार्थी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
