JPU में नामांकन के लिए हेल्प डेस्क शुरू, एडमिशन की हर समस्या का मिलेगा तुरंत समाधान, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर

JPU Admission Help Desk : जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा ने स्नातक और पीजी नामांकन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए हेल्प डेस्क की शुरुआत की है. छात्र अब सीधे मोबाइल नंबर और ईमेल के माध्यम से विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं. रोजाना शिकायतों की निगरानी की जा रही है.

JPU Admission Help Desk : छपरा स्थित जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक और पीजी नामांकन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए हेल्प डेस्क की शुरुआत की है. अब छात्र-छात्राएं एडमिशन से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल के माध्यम से सीधे विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकेंगे. विश्वविद्यालय के अनुसार हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों और आवेदनों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग भी की जा रही है.

नामांकन की हर समस्या के लिए शुरू हुई हेल्प डेस्क

जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने कैंपस में नामांकन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया है. यह सुविधा स्नातक और पीजी दोनों स्तर के छात्रों के लिए उपलब्ध कराई गई है. विश्वविद्यालय का कहना है कि छात्रों को एडमिशन प्रक्रिया के दौरान आने वाली दिक्कतों का त्वरित समाधान दिया जाएगा.

मोबाइल नंबर और ईमेल जारी

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी राजेश पांडेय ने बताया कि छात्र नामांकन संबंधी सहायता के लिए 6290951511 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा helpdeskipusamarth@gmail.com ईमेल पर भी अपनी समस्या भेज सकते हैं. हेल्प डेस्क की जानकारी विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल और सभी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर भी उपलब्ध करा दी गई है.

हेल्प डेस्क की रोज हो रही मॉनिटरिंग

विश्वविद्यालय प्रशासन ने हेल्प डेस्क के संचालन के लिए अधिकारियों और कर्मियों की ड्यूटी तय कर दी है. कुलपति कार्यालय की ओर से प्रतिदिन हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की समीक्षा कर उनका निबटारा किया जा रहा है.

पीजी नामांकन के लिए जारी हुई गाइडलाइन

फिलहाल प्रमंडल के अंगीभूत कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसर में संचालित 17 पीजी विभागों में सत्र 2026-28 के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है. पहली मेधा सूची 10 अगस्त को जारी की गई थी. इसके बाद 11 से 18 अगस्त तक कॉलेजों और पीजी विभागों में नामांकन की प्रक्रिया जारी है.

वेरिफिकेशन के लिए ये दस्तावेज जरूरी

विश्वविद्यालय ने वेबसाइट पर पीजी नामांकन के लिए जरूरी दस्तावेजों की सूची भी जारी की है. छात्रों को स्नातक का अंकपत्र, प्रमाण पत्र, प्रवेश पत्र और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति व छायाप्रति लेकर वेरिफिकेशन के लिए पहुंचना होगा. इसके अलावा जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों से संबंधित जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है.

अधूरे दस्तावेज से छात्रों को हो रही परेशानी

विश्वविद्यालय के अनुसार कई छात्र वेरिफिकेशन के समय जरूरी दस्तावेज नहीं ला पा रहे हैं. ऐसे मामलों में छात्रों को हेल्प डेस्क से संपर्क कर पहले ही आवश्यक जानकारी लेने की सलाह दी गई है, ताकि नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

यह भी पढ़ें : JPU के छात्रों को 7 से 10 दिन में मिलेगी डिग्री, जानिए क्या है कॉलेज का अर्जेंट मोड और कैसे करें आवेदन

स्नातक में स्पॉट एडमिशन की तैयारी तेज

स्नातक में पहली, दूसरी और तीसरी मेधा सूची के तहत नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अब बची हुई सीटों पर दाखिले के लिए विश्वविद्यालय स्पॉट एडमिशन की तैयारी कर रहा है. छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि जल्द ही स्पॉट एडमिशन का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा.

विषय बदलकर भी मिलेगा दाखिले का मौका

डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि स्पॉट एडमिशन के दौरान छात्रों को विषय बदलने का भी अवसर मिलेगा. जिन छात्रों को पहले चुने गए विषय में सीट नहीं मिली है, वे दूसरे विषय में दाखिला ले सकेंगे. नए सिरे से आवेदन लेने पर भी विश्वविद्यालय विचार कर रहा है.

अभी भी 24 हजार सीटें हैं खाली

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में करीब 50 हजार सीटों पर नामांकन होना था. पहली, दूसरी और तीसरी मेधा सूची के जरिए करीब 26 हजार सीटों पर दाखिला हो चुका है. अभी भी करीब 24 हजार सीटें खाली हैं, जिन्हें स्पॉट एडमिशन के माध्यम से भरने की तैयारी की जा रही है.

Also Read : बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 पर क्यों मचा विरोध? डॉ. कमाल अहमद ने सरकार से की बड़ी मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >