Saran News: मढ़ौरा में इस वर्ष पहली बार इस्कॉन की ओर से भव्य "जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव 2026" का आयोजन किया जा रहा है. सोमवार को मढ़ौरा के महाबीर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई.
आयोजकों ने बताया कि धार्मिक आयोजन आगामी 26 जुलाई 2026, रविवार को दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा. भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का शुभारंभ गढ़देवी मंदिर से किया जाएगा.
इन मार्गों से गुजरेगी रथ यात्रा
रथ यात्रा गढ़देवी मंदिर से निकलकर सोनार पट्टी होते हुए पुल पार करेगी और रेलवे स्टेशन रोड की ओर जाएगी. इसके बाद यात्रा गोला मंडी से गुजरते हुए पुनः महावीर भवन पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा.
ड्रोन से होगी भगवान जगन्नाथ पर पुष्पवर्षा
आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. आयोजकों के अनुसार, रथ यात्रा के दौरान ड्रोन के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर भगवान जगन्नाथ पर पुष्पवर्षा की जाएगी.
इसके अलावा भगवान की आरती, भोग और माला अर्पण की विशेष व्यवस्था भी की गई है. यात्रा मार्ग में जगह-जगह कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
कई जिलों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
इस्कॉन प्रतिनिधि धीर दशरथ दास ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को भगवान जगन्नाथ के स्वरूप और उनकी धार्मिक परंपराओं से परिचित कराना है.
उन्होंने बताया कि रथ यात्रा में स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा मिथिला, मुंबई, पटना, सीवान और गोपालगंज सहित कई क्षेत्रों से भक्त शामिल होंगे.
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान भानु प्रताप सिंह, कुणाल सोनी, युवराज भास्कर, सुनील सिंह, अरुण सिंह, पप्पू सेठ सहित कई लोग मौजूद रहे.
आयोजकों ने बताया कि मढ़ौरा में पहली बार आयोजित होने वाली इस रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है और इसे यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
