सारण के हनुमान नगर से 2027 से पहले हटेगा कचरा डंपिंग सेंटर, स्थानीय लोगों में खुशी, नगर आयुक्त ने दी जानकारी

Garbage Dumping Center Removal: सारण के हनुमान नगर में वर्षों से संचालित कचरा डंपिंग सेंटर को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है. जिलाधिकारी के निरीक्षण और आदेश के बाद, 31 मार्च 2027 तक इस सेंटर को हटाने का आश्वासन मिला है.

Garbage Dumping Center Removal: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 02 के हनुमान नगर में पिछले कई वर्षों से संचालित कचरा डंपिंग सेंटर को हटाने की प्रक्रिया शुरू होने की सूचना से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है. करीब 2500 से अधिक आबादी वाले इस इलाके के लोग लंबे समय से कचरे और दुर्गंध की समस्या से परेशान हैं. लोगों का कहना है कि डंपिंग सेंटर के कारण उनका सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया था.

शुक्रवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कचरा डंपिंग स्थल का निरीक्षण किया और इसे हटाने का आदेश दिया. जिलाधिकारी की पहल के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया है. नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने कहा है कि हर हाल में 31 मार्च 2027 से पहले डंपिंग सेंटर को हटा दिया जायेगा.

4000 मीट्रिक टन से अधिक कचरा जमा

वर्तमान में डंपिंग सेंटर में 4000 मीट्रिक टन से अधिक कचरा जमा होने की बात कही गयी है. स्थानीय लोगों के अनुसार कचरे और मृत पशुओं के कारण आसपास के इलाके में दुर्गंध की समस्या बनी रहती है. करीब एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

डंपिंग सेंटर के कारण प्रभावित हुआ जनजीवन

स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपिंग सेंटर शुरू होने के बाद से उनका जीवन मुश्किल हो गया है. लोगों को घरों की खिड़की और दरवाजे बंद रखकर रहना पड़ता है. पर्व-त्योहार के दौरान भी रिश्तेदार और परिचित यहां आने से कतराते हैं. इससे सामाजिक और पारिवारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं.

लोगों ने डीएम की पहल का किया स्वागत

कचरा डंपिंग सेंटर हटाने की पहल पर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को धन्यवाद दिया. लोगों ने उम्मीद जतायी कि जल्द से जल्द यहां से कचरा डंपिंग सेंटर हटने के बाद उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी.

लोगों ने बयां की अपनी परेशानी

हनुमान नगर निवासी आशा देवी ने कहा कि जब से यहां कचरा डंपिंग सेंटर बना है, तब से जिंदगी मुश्किल हो गयी है. खिड़की और दरवाजे बंद करके रखना पड़ता है.

रीमा देवी ने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर में कचरा डंपिंग सेंटर बनाने का फैसला लोगों के लिए परेशानी का कारण बना. उन्होंने कहा कि अब जिलाधिकारी की पहल से राहत की उम्मीद जगी है.

रीमा देवी

चिंता देवी ने कहा कि जिस परिस्थिति में स्थानीय लोग रह रहे हैं, उसे जिलाधिकारी ने भी देखा है. उम्मीद है कि अब लोगों को इस समस्या से मुक्ति मिलेगी.

चिंता देवी

गुदरी मेन रोड निवासी सौरभ चौधरी ने कहा कि डंपिंग सेंटर की दुर्गंध करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र तक पहुंचती है. इससे बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी होती है. उन्होंने जिलाधिकारी की पहल के लिए धन्यवाद दिया.

सौरभ चौधरी

हनुमान नगर निवासी आशा देवी ने कहा कि कचरे की समस्या के कारण पर्व-त्योहार के मौके पर भी लोग यहां आने से कतराते हैं. इससे लोगों को त्योहार की खुशी भी ठीक से मनाने का मौका नहीं मिल पाता.

आशा देवी

पार्षद ने कई बार की थी डंपिंग सेंटर हटाने की मांग

वार्ड संख्या 02 की पार्षद नेहा देवी ने बताया कि उनके द्वारा कई बार नगर आयुक्त को आवेदन देकर कचरा डंपिंग सेंटर हटाने की मांग की गयी थी. उनका कहना है कि पहले इस दिशा में कार्रवाई नहीं हो रही थी. उन्होंने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन की ओर से अब कार्रवाई की जा रही है.

31 मार्च 2027 से पहले हटेगा डंपिंग सेंटर

नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 31 मार्च 2027 से पहले कचरा डंपिंग सेंटर को यहां से हटा दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद नगर निगम की ओर से यहां बेहतर व्यावसायिक व्यवस्था विकसित करने की तैयारी की जायेगी, जिससे निगम को राजस्व भी प्राप्त हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के अंदर डंपिंग सेंटर हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी.

Also Read: नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने कराया रेस्क्यू, आधी रात पटना लाया गया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >