Kumhar Prajapati Samiti: बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के निर्देशानुसार रविवार को दिघवारा के आदर्श उत्सव हॉल में समिति का प्रखंड स्तरीय चुनाव संपन्न हुआ. चुनाव में सर्वसम्मति से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया.
बैठक के बाद हुए चुनाव में पूर्व मुखिया जयकिशोर पंडित को समिति का प्रखंड अध्यक्ष, ललन पंडित को उपाध्यक्ष, कामेश्वर पंडित को सचिव, वीरेंद्र पंडित को संयुक्त सचिव और जितेंद्र कुमार पंडित को कोषाध्यक्ष चुना गया. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का समाज के लोगों ने स्वागत किया.
समाज की एकता और सहयोग का लिया संकल्प
चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने प्रजापति समाज में एकता बनाये रखने का संकल्प लिया. साथ ही समाज के जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहयोग देने की बात कही गयी. पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में मिलकर काम करने पर जोर दिया.
23 अगस्त को पटना में होगा आभार सह सम्मान समारोह
बैठक में मौजूद समाज के लोगों को आगामी 23 अगस्त को पटना में आयोजित होने वाले आभार सह सम्मान समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया. समाज की शिवानी प्रजापति और शीला पंडित को एमएलसी बनाये जाने के बाद समाज की ओर से कृष्ण मेमोरियल हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है.
समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी आमंत्रित किया गया है. बैठक के दौरान समाज के लोगों से बड़ी संख्या में पटना पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गयी.
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
बैठक में चंद्रभूषण पंडित, गोविंद पंडित, जटाधारी पंडित, रामप्रवेश पंडित, राजकिशोर पंडित, सुरेश पंडित, बद्री पंडित, ललन पंडित, सुनील पंडित, मिंटू पंडित, गोपाल पंडित, उमेश पंडित, गजेंद्र पंडित, जगरनाथ पंडित और लक्ष्मण पंडित समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
