सारण में बाढ़ पीड़ितों से मिला सांसद राजीव प्रताप रूडी का प्रतिनिधिमंडल, नाव से गांवों में पहुंचकर सुनी समस्याएं

सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ितों की समस्याओं को सुना. उन्होंने नाव से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

Saran Flood: सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष और भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को छपरा सदर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों का जायजा लिया.

प्रतिनिधिमंडल ने डुमरी गांव में छपरा एडीएम नितेश कुमार, अंचल अधिकारी शिशु देवी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जहां जरूरत हो, वहां सरकारी राशन, त्रिपाल और सामुदायिक किचन शुरू कराने की मांग की गयी. अधिकारियों से प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचाने को भी कहा गया.

नाव से कई गांवों में पहुंचकर सुनीं समस्याएं

अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नाव के माध्यम से डुमरी, दफदरपुर, सिंगही, चिरांद, भैरोपुर निजामत, दयालचक, कुतुपुर और बरहारा महाजी सहित कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और इसकी सूचना सांसद राजीव प्रताप रूडी को दी.

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने में लापरवाही करने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गयी.

सूखा राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत की जांच

बरहारा महाजी में सूखा राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर इसकी जानकारी अधिकारियों को दी. इस संबंध में सदर एडीएम नितेश कुमार और अंचल अधिकारी शिशु देवी को मामले से अवगत कराया गया.

एडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री समय पर उपलब्ध करायी जायेगी.

रूडी मुख्यमंत्री से मिलकर रखेंगे सारण की स्थिति

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सांसद राजीव प्रताप रूडी सारण में बाढ़ की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं. बताया गया कि सांसद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर सोनपुर से सिताबदियारा तक बाढ़ प्रभावित गांवों की स्थिति और राहत कार्यों से जुड़ी जानकारी रखेंगे.

वहीं, छपरा विधायक छोटी कुमारी भी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं.

प्रशासन के राहत कार्यों की सराहना

दर्जनों गांवों के निरीक्षण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य संचालित किये जा रहे हैं. प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है.

इस दौरान पूर्व जिला उपाध्यक्ष सह रिविलगंज प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, छपरा विधानसभा संयोजक सत्यानंद सिंह, जिला प्रवक्ता मदन कुमार सिंह, छपरा विधायक प्रतिनिधि विवेक कुमार, सदर प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष रिंकू, जिला भाजपा क्रीड़ा संयोजक अनुरंजन प्रसाद, चंदू सिंह, प्रियकांत कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >