सारण में डीएम वैभव श्रीवास्तव ने की राहत कार्यों की समीक्षा, सामुदायिक किचन और हेल्थ कैंप जारी रखने का निर्देश

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की. प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन और हेल्थ कैंप जारी रहेंगे, साथ ही स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. जनजीवन को जल्द सामान्य करना प्राथमिकता है.

Disaster Management: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आपदा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की. बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि जिला स्तरीय पदाधिकारी सभागार में उपस्थित रहे. बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण, सामुदायिक किचन, स्वास्थ्य शिविर, नाव परिचालन, स्वच्छता और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की प्रखंडवार समीक्षा की गयी.

बैठक की शुरुआत सोनपुर में आपदा प्रभावित परिवारों की स्थिति की समीक्षा से हुई. डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर डिजिटल हस्ताक्षर के साथ उसी दिन जिला आपदा प्रबंधन शाखा को उपलब्ध कराएं. जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा सूची की मैपिंग के बाद उसे विभाग को भेजा जायेगा, ताकि पात्र लाभुकों को निर्धारित सहायता राशि के भुगतान की कार्रवाई की जा सके.

जरूरत वाले क्षेत्रों में जारी रहेगा सामुदायिक किचन

सामुदायिक किचन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परिवारों के घरों में अभी पानी है या खाना बनाने की स्थिति नहीं बनी है, उन्हें सामुदायिक किचन के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जाता रहेगा.

समीक्षा में पाया गया कि फिलहाल सोनपुर, गरखा और रिविलगंज में सामुदायिक किचन की आवश्यकता बनी रह सकती है. वहीं, जिन क्षेत्रों में पानी उतर चुका है और परिवारों के लिए घर में भोजन बनाना संभव हो गया है, वहां सामुदायिक किचन बंद करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में सूखा राशन, पॉलिथीन शीट, सैनिटरी सामग्री सहित अन्य राहत सामग्री के वितरण की भी जानकारी ली और आवश्यकता के अनुसार राहत उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. प्रभावित क्षेत्रों में नाव परिचालन की समीक्षा करते हुए जरूरत के अनुसार नाव चलाने को कहा गया.

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जारी रहेंगे हेल्थ कैंप

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हेल्थ कैंप और मोबाइल मेडिकल टीम लगातार सक्रिय रहें. उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद विशेषकर त्वचा संक्रमण और जलजनित बीमारियों की आशंका रहती है. ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की नियमित मौजूदगी जरूरी है.

रिविलगंज, दिघवारा, मकेर, मांझी सहित सदर अनुमंडल के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गयी.

स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर सहित आवश्यक सैनिटेशन सामग्री के छिड़काव का निर्देश दिया गया. साथ ही आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और प्रोक्योरमेंट सुनिश्चित करने को कहा गया.

बाढ़ के बाद उत्पन्न स्वच्छता की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने उप विकास आयुक्त और संबंधित बीडीओ को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया. बांधों के आसपास के क्षेत्रों की सफाई के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता टीमों के समन्वय से संभावित महामारी की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.

क्षतिग्रस्त सड़कों का कराया जायेगा सर्वे

बाढ़ और तटबंध टूटने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित बीडीओ को टीम गठित कर सर्वे कराने का निर्देश दिया.

सर्वे के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को उपलब्ध करायी जायेगी, ताकि रोड रिपेयरिंग और मेंटेनेंस की कार्रवाई की जा सके.

डीएम ने स्पष्ट किया कि बाढ़ के बाद जनजीवन को जल्द सामान्य करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.

दिवाली तक सार्वजनिक भवनों को मिलेगा नया स्वरूप

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के मिशन कायाकल्प की तैयारियों की भी समीक्षा की. उन्होंने कहा कि दिवाली के अवसर पर पंचायतों में सार्वजनिक महत्व के भवनों और परिसंपत्तियों को बेहतर और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाना है.

उन्होंने प्रत्येक पंचायत में अधिकतम 15 प्राथमिकता आधारित योजनाओं का चयन करने का निर्देश दिया, जिन्हें दिवाली तक पूरा किया जा सके. विद्यालयों में किचन शेड की मरम्मत, हेल्थ सब-सेंटर, अतिरिक्त कक्ष और अन्य जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया.

योजनाओं के चयन में पंचायत समिति, मुखिया, जिला परिषद और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >