सारण में महादलित बच्चों के बीच जन्म प्रमाण पत्र वितरित, विधायक कृष्ण कुमार मंटू बोले— हर बच्चे को मिले पहचान और अधिकार

परसा के बिशुनपुरा में नव प्राथमिक विद्यालय में जन्म प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन हुआ. विधायक कृष्ण कुमार मंटू ने बच्चों को प्रमाण पत्र देते हुए इसे कानूनी पहचान का आधार बताया. उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया.

परसा. प्रखंड की सगुनी पंचायत के बिशुनपुरा अनुसूचित जाति टोला स्थित नव प्राथमिक विद्यालय में जन्म प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मंटू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने महादलित बच्चों के बीच जन्म प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

जन्म प्रमाण पत्र को बताया कानूनी पहचान का आधार

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कृष्ण कुमार मंटू ने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे की कानूनी पहचान का महत्वपूर्ण आधार है. इसके माध्यम से विद्यालय में नामांकन, छात्रवृत्ति, सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और भविष्य में विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होती है.

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

विधायक ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पारदर्शी और समय पर पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा केवल आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में शिक्षा, स्वास्थ्य या अन्य अधिकारों से वंचित नहीं रहना चाहिए.

अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील

कृष्ण कुमार मंटू ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई, विद्यालय में उपस्थिति और आवश्यक सरकारी दस्तावेज समय पर बनवाने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षित, सशक्त और विकसित अमनौर का निर्माण उनका संकल्प है और शिक्षा व जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी.

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने की सराहना

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना की. अंत में विधायक ने सभी के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहने का भरोसा दिलाया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >