Bihar News: (मनोकामना सिंह, सारण) बिहार के सारण जिले के बहुआरा पट्टी गांव में एक अजीबोगरीब और चर्चित मामला फिर सुर्खियों में आ गया है. यहां चार बच्चों की मां ज्योति देवी ने एक दिन पहले प्रेमी से शादी की. उसके बाद अब शनिवार शाम अपने पहले घर में वापसी कर ली. इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.
जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय ज्योति देवी ने कुछ ही दिन पहले अपने पति की सहमति से उसके दोस्त और अपने प्रेमी से शादी की थी. लेकिन महज 24 घंटे के भीतर ही मामला पलट गया और महिला ने फिर से अपने पहले परिवार में लौटने का फैसला लिया.
महिला का दावा- दबाव में हुआ था फैसला
ज्योति देवी ने बताया कि पंचायत के दौरान उन पर दबाव बनाया गया था, जिसके चलते उन्होंने उस समय यह कदम उठाया. अब उनका कहना है कि परिस्थितियां अलग थीं और उन्होंने घर वापसी का निर्णय सोच-समझकर लिया है.
मंदिर में हुई थी अनोखी शादी
मढ़ौरा प्रखंड के बहुआरा पट्टी गांव में शुक्रवार को गांव के मंदिर परिसर में यह अनोखी शादी हुई थी, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया था. ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में हुई इस शादी में महिला के पहले पति ने भी सहमति दी थी.
14 साल पुराना प्रेम प्रसंग बना वजह
बताया जाता है कि महिला का अपने पति के ही दोस्त के साथ पिछले लगभग 14 वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था. इसी वजह से पंचायत में बातचीत के बाद शादी का निर्णय लिया गया था.
मांग से सिंदूर हटाकर फिर भरी गई थी मांग
शादी के दौरान भगवती मंदिर में एक अनोखी रस्म देखने को मिली थी. पहले पति ने अपनी पत्नी की मांग से सिंदूर हटाया, जिसके बाद प्रेमी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी स्वीकार किया था. इस पूरी घटना ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया था.
परिवार और गांव में बनी हुई है चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. महिला की मां ने भी पहले इस फैसले पर नाराजगी जताई थी. अब एक बार फिर घर वापसी के बाद मामला और भी उलझ गया है, जिसे लेकर लोग लगातार चर्चा कर रहे हैं.
