Saran News : नगर निगम क्षेत्र के भगवान बाजार से सत्यनारायण मंदिर तक चल रहे सड़क और ड्रेनेज निर्माण कार्य में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया था. इसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कुछ सुधार भी किया गया. लेकिन अब पिछले दो महीने से सड़क के दक्षिण और उत्तर हिस्से का निर्माण पूरा होने के बावजूद शिव बाजार से भागवत विद्यापीठ रोड को जोड़ने वाली बीच सड़क पर गड्ढा छोड़ दिया गया है.
इस गड्ढे के कारण आए दिन बाइक सवार और ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं. इसके बावजूद नगर निगम के बड़े अधिकारियों और इंजीनियरिंग विभाग के अभियंताओं की ओर से अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
एक सप्ताह में तीन से चार हादसे होने का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्तमान में सप्ताह में तीन से चार बाइक सवारों और ऑटो के पलटने की घटनाएं हो रही हैं. मंगलवार और बुधवार को भी लगातार बाइक सवार गड्ढे और उसके बगल में बने नाले में गिर गए. बताया जा रहा है कि इनमें एक व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि दूसरे का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये घटनाएं लगातार हो रही हैं और इसके लिए नगर प्रशासन की कार्यशैली को जिम्मेदार माना जा रहा है.
Also Read : 42 बिहार बटालियन NCC कैंप में पहुंचे ग्रुप कमांडर, कैडेटों को अनुशासन और प्रशिक्षण की दी सीख
11 महीने में भी कई जगह आधा-अधूरा काम
नगर निगम की निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर नजर डालें तो निगम क्षेत्र में नवंबर 2025 से 100 से अधिक सड़क और ड्रेनेज योजनाओं पर काम शुरू हुआ है. लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, अब तक कहीं भी काम 100 फीसदी पूरा नहीं हुआ है. कई जगहों पर किसी न किसी स्तर पर काम अधूरा है.
कहीं ड्रेनेज का निर्माण हुआ है तो सड़क का काम अधूरा है और कहीं सड़क बन गई है, लेकिन ड्रेनेज का निर्माण पूरा नहीं हुआ. कुछ जगहों पर सड़क और ड्रेनेज दोनों बनने के बावजूद साइड के दोनों फ्लैंक पर पेवर ब्लॉक नहीं लगाए गए हैं. गुदरी बाजार चौक पर नल का काम भी आधा-अधूरा छोड़े जाने की बात कही जा रही है. बूटी मोड़ रोड पर भी निर्माण कार्य पूरा नहीं होने की शिकायत है. वार्ड संख्या 1 से 45 तक कई जगहों पर काम अधूरा होने के साथ गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.
2.85 करोड़ की लागत से बन रही 800 मीटर सड़क
भगवान बाजार थाना रोड के निर्माण पर कुल 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. योजना के तहत करीब 800 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. वहीं, सड़क के दोनों ओर करीब 1200 मीटर लंबाई में ड्रेनेज का निर्माण कार्य चल रहा है.
क्या बोले वार्ड आयुक्त
"हमने कई बार नगर आयुक्त और कार्यपालक अभियंता को इस समस्या को लेकर आगाह किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. लोग रोज दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं."
हेमंत राज, वार्ड आयुक्त, वार्ड 13
"मेरे द्वारा भी अधिकारियों को कई बार इस समस्या के निदान के लिए शिकायत की गई, लेकिन अभी तक इसे दुरुस्त नहीं किया गया है."
संजीव कुमार, वार्ड आयुक्त, वार्ड 12
क्या कहते हैं अधिकारी
"मुझे जानकारी मिली है. 2 से 3 दिन के अंदर सड़क निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाएगा. जहां गड्ढा है, वहां ड्रेनेज का निर्माण करना है. निश्चित तौर पर दो से तीन दिन में यह काम पूरा हो जाएगा. लोगों की परेशानी हम समझ रहे हैं."
रविकांत कुमार, कार्यपालक अभियंता, नगर निगम
Also Read : काली मंदिर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, साउंड मशीन समेत अन्य सामान बरामद
