Bijli Bill Sudhar: ऊर्जा विभाग के आदेश पर बनियापुर में 17 अगस्त से 22 अगस्त तक प्रत्येक कार्य दिवस पर बिजली बिल सुधार को लेकर शिविर लगाया जायेगा. शिविर में उपभोक्ताओं के बिजली बिल से संबंधित विभिन्न गड़बड़ियों की शिकायत दर्ज की जायेगी और संबंधित अधिकारियों द्वारा उनका त्वरित निष्पादन किया जायेगा.
गलत मीटर रीडिंग और बिल की गड़बड़ी की होगी शिकायत
विद्युत एसडीओ अमरजीत कुमार ने बताया कि शिविर में विद्युत विपत्र से संबंधित तमाम समस्याओं की शिकायत दर्ज करायी जा सकेगी. इनमें गलत मीटर रीडिंग, गलत या औसत बिजली बिल सहित अन्य विसंगतियां शामिल हैं. शिकायतों की जांच के बाद संबंधित गड़बड़ियों को दूर करने का प्रयास किया जायेगा.
एसडीओ और जेई कार्यालय में दर्ज करा सकेंगे शिकायत
संबंधित उपभोक्ता पीएसएस कोल्हुआ स्थित एसडीओ अथवा जेई के कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. एसडीओ अमरजीत कुमार ने अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है.
पीएम सूर्य घर योजना पर भी दी जानकारी
एसडीओ ने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत केंद्र सरकार के अनुदान के अलावा बिहार सरकार की ओर से भी प्रति किलोवाट 10 हजार रुपये और अधिकतम 20 हजार रुपये प्रति उपभोक्ता अनुदान दिया जा रहा है. इससे इच्छुक उपभोक्ता कम खर्च में योजना का लाभ उठा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
