परसा प्रखंड अंतर्गत बनौता पंचायत के ग्रामीणों को सड़क निर्माण के रूप में विकास की सौगात मिली है. बिहार सरकार की 15वीं वित्त आयोग योजना के तहत ग्राम बनौता में आरईओ सड़क से उमेश सिंह के घर होते हुए देवी स्थान तक ईंटकरण एवं पीसीसी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है. पूर्ण हुए सड़क निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन परसा प्रखंड प्रमुख सविता देवी ने पूजा-अर्चना करने के बाद फीता काटकर किया.
सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, उक्त मार्ग की स्थिति पहले बेहतर नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. विशेषकर बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ एवं जलजमाव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ जाती थी. अब ईंटकरण एवं पीसीसी निर्माण हो जाने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
उद्घाटन के अवसर पर प्रखंड प्रमुख सविता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है. अच्छी सड़क से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलती है.
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पंचायतों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. उन्होंने कहा कि बनौता में आरईओ सड़क से देवी स्थान तक सड़क निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिलेगा.साथ ही देवी स्थान पर पूजा-अर्चना के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा होगी.
उन्होंने विकास कार्यों को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. स्थानीय ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की.
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से महसूस की जा रही थी. सड़क बन जाने से गांव के लोगों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में आसानी होगी और दैनिक आवागमन सुगम होगा.
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान योजना के अभिकर्ता बालेश्वर माझी, कनीय अभियंता मो. आरिफ, मुखिया संजीव सिंह, पैक्स अध्यक्ष अशोक सिंह, बीडीसी मुकेश कुमार सिंह समेत दर्जनों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.
मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर खुशी जताई तथा उम्मीद व्यक्त की कि पंचायत में इसी तरह अन्य जरूरी विकास कार्य भी लगातार कराए जाएंगे. उद्घाटन के बाद उपस्थित लोगों ने नवनिर्मित सड़क का जायजा लिया.
