Asian U23 Athletics Championship: सारण जिले के सोनपुर का होनहार धावक विभास्कर कुमार अब अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स ट्रैक पर भारत की उम्मीद बनकर उभरा है. आगामी 9 से 12 जुलाई तक चीन के ऑर्डोस (Ordos) शहर में आयोजित अंडर-23 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा घोषित भारतीय टीम में विभास्कर का चयन हुआ है. वह 100 मीटर दौड़ और 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
10.36 सेकेंड की दौड़ ने दिलाया अंतरराष्ट्रीय मंच
विभास्कर कुमार ने इस वर्ष रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए पुरुष 100 मीटर हीट में 10.36 सेकेंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर सभी को चौंका दिया था. इसी शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया.
संघर्ष से सफलता तक का सफर
सोनपुर के रहने वाले विभास्कर ने महज 13 वर्ष की उम्र में दौड़ना शुरू किया था. पढ़ाई के दौरान वे अपने चाचा के पास हैदराबाद चले गए, जहां स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा निखारी.
वर्ष 2019 में हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट और कोरोना महामारी के कारण उनका करियर कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ. बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी.
बाद में बिहार सरकार के खिलाड़ियों के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत उन्हें बेंगलुरु में कोच मनोज लोगराज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण का अवसर मिला, जिसने उनके प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी.
रिले टीम में भी मिली जगह
भारतीय टीम में विभास्कर कुमार का चयन 100 मीटर के अलावा 4×100 मीटर रिले टीम में भी किया गया है. रिले टीम में उनके साथ सम वसंत, हर्ष राउत, मोहम्मद शान और लैकिक मेलगे शामिल हैं.
अन्य की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बिहार के लिए गर्व का क्षण
जिला एवं राज्य एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सलीम परवेज ने कहा कि विभास्कर की उपलब्धि बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि अब बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं.
वहीं एथलेटिक्स संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विभास्कर ने अपनी मेहनत और शानदार गति के दम पर एशियाई स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जगह बनाई है. पूरे बिहार को उनसे पदक की उम्मीद है.
बधाइयों का लगा तांता
विभास्कर कुमार के चयन पर एथलेटिक्स संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव नीलाभ गुंजन राका, राष्ट्रीय ऑफिशियल अमित सौरभ, संजय सिंह, श्यामदेव सिंह, राजकिशोर तिवारी, निर्मल ठाकुर सहित कई खेल पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की.
