Saran News : सड़क किनारे बैठे लोगों को बस ने कुचला एक महिला की गयी जान, चार घायल

मढ़ौरा थाना क्षेत्र के कर्णपुरा बाजार के पास स्टेट हाइवे पर मंगलवार को एक अनियंत्रित सवारी बस ने सड़क किनारे छांव में बैठे लोगों को कुचल दिया.

छपरा. मढ़ौरा थाना क्षेत्र के कर्णपुरा बाजार के पास स्टेट हाइवे पर मंगलवार को एक अनियंत्रित सवारी बस ने सड़क किनारे छांव में बैठे लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी और आक्रोशित ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, साथ ही सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया. हादसे में मृत महिला की पहचान कर्णपुरा गांव निवासी रमेश शर्मा की पत्नी गीता देवी उम्र 50 वर्ष के रूप में की गयी है. हादसे के समय वे अन्य ग्रामीणों के साथ सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठी थीं. वहीं इस हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान राणा कुमार 40 वर्ष पिता अखिलेश शर्मा, पवन शर्मा 15 वर्ष पिता मनोज शर्मा, जितेंद्र यादव 38 वर्ष पिता झगरू राय, सिकंदर राय 25 वर्ष पिता फौजदार राय के रुप में हुई है. सभी घायलों को पहले मढ़ौरा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना के अनुसार, सुपर सोनू नामक सवारी बस, जो छपरा से अमनौर जा रही थी, जैसे ही कर्णपुरा चौक के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क के बाएं किनारे पेड़ की छांव में बैठे लोगों पर चढ़ गयी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक नशे में था, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ.

ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल उत्पन्न हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने बस चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. साथ ही स्टेट हाइवे को घंटों जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. उनका कहना था कि अगर ड्राइवर नशे में नहीं होता तो यह हादसा नहीं होता. स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस में सवार सवारियां बस छोड़कर भाग निकलीं, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आयी. सूचना मिलते ही मढ़ौरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने जाम हटवाया और बस को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं चालक से पूछताछ की जा रही है.ग्रामीणों ने सरकार से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने, घायल लोगों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने और नशे में ड्राइविंग करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >