पुत्रों समेत आधा दर्जन घायल
इलाज में लापरवाही का आरोप लगा परिजनों को अस्पताल में हंगामा
महुआ सदर : महुआ-ताजपुर मार्ग के लखना पुल के समीप चौरसिया लाइन होटल के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत हो गयी, जबकि उनके दो पुत्रों के साथ आधा दर्जन लोग बुरी तरह घायल हो गये. घायलों को महुआ अनुमंडल अस्पताल में भरती कराया गया है. वहीं अन्य घायलों को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
घटना से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरते जाने के आरोप लगाते हुए जम कर हंगामा किया. जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के मधुटोला गांव निवासी सिगेंश्वर साह एवं उनकी पत्नी रेखा देवी अपने दो पुत्रों पंकज एवं शिवू के साथ हिमाचल प्रदेश से गत रात लौटे थे. पटना से बस से घर जाने के दौरान सोमवार की सुबह में तीन बजे के करीब सभी लोग बरडीहा डभैच में उतर गये और वहां से ऑटो पकड़ कर सिंगेश्वर साह अपनी ससुराल वाजितपुर जा रहे थे. टेंपो पर उनके दो साले मुकेश कुमार एवं मिथिलेश कुमार भी थे
लखना पुल के समीप ही एक तेज रफ्तार से जा रहे पिकअप वैन ने ऑटो में जोरदार ठोकर मार दी. इस घटना में टेंपो पर सवार सभी यात्री बुरी तरह घायल हो गये. घायलों की चीख- पुकार सुन आसपास के ग्रामीणों की नींद टूटी और घटना स्थल पर दौड़े और सभी को उठा कर अनुमंडल अस्पताल में भरती कराया, जहां इलाज में लापरवाही के कारण घायल पति-पत्नी की मौत हो गयी. वहीं दोनों पुत्र एवं दोनों साले को पटना रेफर कर दिया गया. मौत से आक्रोशित लोगों ने हंगामा प्रारंभ कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. मौके पर पहुंची पुलिस एवं अस्पताल उपाधीक्षक डाॅ अनिल कुमार ने लोगों को शांत कराया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया.
