छपरा-सत्तरघाट मार्ग को भी किया जाम
मशरक. मशरक-महाराजगंज रेल लाइन के निर्माण कार्य की वजह से अवरुद्ध बहरौली-बंगराघाट मार्ग को चालू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मशरक विद्युत पावरग्रिड के पास छपरा-सत्तरघाट मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया. हो-हंगामे के कारण तीन घंटे तक उक्त मार्ग पर यातायात ठप रहा. गुस्साये ग्रामीणों ने मशरक महाराजगंज रेल लाइन के निर्माण कार्यों को रोक दिया.
सूचना पाकर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विनय कुमार के समझाने और मार्ग को चालू कराने के लिए प्रयास किये जाने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए और छपरा-सत्तरघाट मुख्य मार्ग पर यातायात शुरू हुआ. हालांकि प्रदर्शन में शामिल हंसापीर गांव के सैकडों लोगों द्वारा अल्टीमेटम दिया गया कि रेलवे द्वारा अवरुद्ध किये गये मार्ग को जल्द चालू नहीं किया गया, तो आगे और उग्र आंदोलन होगा. ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग अवरुद्ध किये जाने की वजह से आवागमन में काफी कष्ट का सामना करना पड़ता है.
कई बार आग्रह किये जाने के बावजूद इस समस्या का समाधान अभी तक नहीं किया गया है.
