दिघवारा : सोनपुर पाटलीपुत्रा रेलखंड के मध्य भरपुरा गांव के समीप बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे सैकड़ों स्थानीय लोगों ने स्टेशन का नाम पहलेजा के बदले भरपुरा करने को लेकर भरपुरा गांव के समीप रेलवे ट्रैक को लगभग पांच घंटों तक जाम कर दिया. जिस कारण इस रेलखंड पर गुजरने वाली पहली ट्रेन पटना-बरौनी पैसेंजर ट्रेन को पहलेजा स्टेशन पर रोका गया. वहीं गोरखपुर से पाटलीपुत्र जाने वाली पैसेंजर ट्रेन लगभग ढाइ घंटे तक परमानंदपुर स्टेशन तक खड़ी रही.
जाम में शामिल सैकड़ों लोगों ने ट्रैक पर बैठकर धरना देते हुए विरोध प्रदर्शन किया एवं किसी भी ट्रेन को आगे बढने नहीं दिया. जाम के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बाद में विधान पार्षद इं सच्चिदानंद राय व सोनपुर डीआरएम मनोज कुमार अग्रवाल ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर ट्रैक से हटवाया तब जाकर दिन के डेढ़ बजे से ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सका. पहले ही दिन जाम लगने के कारण यात्रियों के सुहाने सफर पर भी ग्रहण लगा. वहीं पाटलिपुत्र स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन के बगल में स्लम बस्ती में आग लग जाने से अफरा-तफरी का माहौल रहा.
