दवा दुकानों पर दिसंबर माह में हुई छापेमारी में मिली थी गड़बड़ी
छपरा (सदर) : दवा विक्रय के प्रावधानों को नजर अंदाज कर सरकार को राजस्व का चूना लगाने व आमजनों के स्वास्थ्य को नजर अंदाज करनेवाले तीन दवा दुकानों की अनुज्ञप्ति सारण के अनुज्ञापन पदाधिकारी ने रद्द कर दी है. वहीं, दो दुकानों की अनुज्ञप्ति को तीन माह के लिए निलंबित कर दिया है.
सारण के अनुज्ञापन पदाधिकारी नित्यानंद किसलय के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के निर्देश के आलोक में जय माता दी मेडिकल दुकान, गोला बाजार, सोनुपर में छह दिसंबर को, कमलावती ड्रग एजेंसी, स्टेशन रोड, मढ़ौरा में सात दिसंबर को तथा न्यू गौरव फार्मा, बीपी कंप्लेक्स, छपरा के यहां आठ दिसंबर को छापेमारी की गयी थी. इसके अलावा किशोर ड्रग एजेंसी, स्टेशन रोड, मढ़ौरा तथा कृष्णा मेडिकल हॉल, गोला रोड, सोनपुर की अनुज्ञप्ति 90 दिनों के लिए निलंबित कर दी गयी है.
अनुज्ञापन पदाधिकारी किसलय की मानें, तो इन तीन दुकानों में जांच के दौरान काफी अनियमितता मिली थी. इसी को लेकर उनकी अनुज्ञप्ति रद्द कर दी गयी है तथा दो की अनुज्ञप्ति निलंबित की गयी है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जिले में नियम के विरुद्ध दवा का व्यवसाय करनेवालों को बख्शा नहीं जायेगा.
लगातार अभियान चला कर दुकानों की जांच करायी जायेगी. मालूम हो कि जिले में दवा की दुकानों में कथित रूप से विभागीय उदासीनता एवं मिलीभगत से निम्न गुणवत्ता की दवाएं बेचने के साथ बिना लाइसेंस के भी दवाएं बेची जा रही है. इससे एक ओर जहां सरकार को राजस्व का चूना लग रहा है. वहीं, आम जनों को भी आर्थिक के साथ शारीरिक क्षति उठानी पड़ रही है.
विभाग के अधिकारी नियम के विरुद्ध व अवैध रूप से दवा बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कई और दुकानों को भी अपने निशाने पर रखे हुए हैं.
उन दुकानों पर भी छापेमारी की योजना बनायी गयी है. नर्सिंग होमों में बगैर लाइसेंस से संचालित होनेवाली दवा दुकानों की भी जांच-पड़ताल की तैयारी की गयी है.
