पशु तस्करों पर कसेगा शिकंजा
जिले के सभी थानाध्यक्षों को जांच अभियान चलाने का दिया गया निर्देश
एक माह के अंदर करीब एक दर्जन पशु तस्करों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छपरा (सारण) : जिला पुलिस पशु तस्करों पर शिकंजा कसने के प्रति कटिबद्ध हो गयी है. पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिये हैं. जिले के सभी थानाध्यक्षों को जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. जांच अभियान चला कर पकड़े गये तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने की सख्त हिदयात दी गयी है.
खास कर सभी प्रमुख मार्गों पर यह अभियान चलेगा. मालवाहक वाहनों पर लाद कर दूसरे राज्य व जिले के पशुओं को लाने व ले जानेवालों पर नकेल कसने की तैयारी पुलिस ने की है. जिला तथा राज्य की सीमा पर अवस्थित सभी थानों को विशेष रूप से जांच करने का निर्देश दिया गया है. बिना अनुमति के पशुओं को वाहन पर लाद कर ढुलाई करना कानूनन अपराध है.
