निर्माण स्थल की सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन तत्पर
छपरा (सारण) : छपरा-आरा के बीच गंगा नदी पर चल रहे पुल निर्माण का रविवार को कड़े-सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गया. शुक्रवार की रात कथित नक्सलियों द्वारा बम विस्फोट कर जेनेरेटर उड़ाये जाने के कारण शनिवार को कार्य बाधित हो गया था. रविवार को सभी मजदूर व कर्मचारी काम पर वापस लौट आये और पूरी गति के साथ काम शुरू हो गया.
पुल निर्माण के कार्य में लगी कंपनी के कर्मियों तथा मजदूरों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं. अभियंता मो साबिर ने बताया कि कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और सभी मजदूर व कर्मचारी पूरी तन्मयता के साथ अपना-अपना कार्य कर रहे हैं. प्रोजेक्ट मैनेजर बबलू सिंह ने बताया कि कंपनी के बेस कैंप तथा निर्माण स्थल की सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन पूरी तरह तत्पर है.
प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये हैं. निर्माण कार्य आम दिनों की तरह हो रहा है. उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण कराया जायेगा. स्थानीय ग्रामीण इस महत्वकांक्षी योजना को पूर्ण कराने के प्रति तत्पर हैं.
