नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा आज नालंदा और पटना में, जानें सीएम का पूरा शेड्यूल

Samriddhi Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत नालंदा और पटना के दौरे पर हैं. आज इस अवसर पर मुख्यमंत्री नालंदा जिले के विकास के लिए 494 करोड़ की 106 योजनाओं का शिलान्यास एवं 316 करोड़ की 110 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे.

Samriddhi Yatra: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पांचवा चरण के समृद्धि यात्रा का आज चौथा दिन है. मुख्यमंत्री आज 26 मार्च को जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे.

नीतीश कुमार के इस आगमन को लेकर पूरे नालंदा में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है, बिहारशरीफ आज पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है.

बिहारशरीफ में होगा भव्य स्वागत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर के जरिए बिहारशरीफ पहुंचेंगे. उनकी लैंडिंग के लिए नालंदा कॉलेज और सोगरा हाई स्कूल परिसर में विशेष अस्थायी हेलीपैड बनाए गए हैं. यहां से वे सीधे सड़क के रास्ते पुराना रांची रोड के लिए रवाना होंगे.

इस यात्रा का सबसे मुख्य आकर्षण स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्मित शानदार फ्लाईओवर का उद्घाटन होगा, जो एलआईसी भवन से सोगरा कॉलेज मोड़ तक यातायात को सुगम बनाएगा. मुख्यमंत्री द्वारा इस फ्लाईओवर के लोकार्पण के साथ ही शहरवासियों को जाम की बड़ी समस्या से मुक्ति मिल जाएगी.

रिवर फ्रंट का निरीक्षण

फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद नीतीश कुमार कोसुक गांव के पास पंचाने नदी पर विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक रिवर फ्रंट का निरीक्षण करेंगे. मुख्यमंत्री का सपना इस क्षेत्र को पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करना है.

इसके तुरंत बाद, वे पुराने स्टेडियम पहुंचेंगे जहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे. इसी मंच से मुख्यमंत्री जिले की सैकड़ों छोटी-बड़ी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन रिमोट के जरिए करेंगे. संभावित योजनाओं में पंचायत सरकार भवन, स्मार्ट स्कूल, जीविका भवन और नए खेल मैदान शामिल हैं, जो ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करेंगे.

जनसभा और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक

जनसभा के समापन के बाद मुख्यमंत्री जिले के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे. इसके लिए स्टेडियम परिसर के पिछले हिस्से में एक अत्याधुनिक सभागार तैयार किया गया है. इस बैठक में न केवल वर्तमान योजनाओं की प्रगति जांची जाएगी, बल्कि सरमेरा में प्रस्तावित कृषि अनुसंधान सह प्रशिक्षण केंद्र जैसी भविष्य की बड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा होगी.

नालंदा का दौरा संपन्न कर मुख्यमंत्री शाम को पटना लौटेंगे, पटना जिले के लिए मुख्यमंत्री 473 करोड़ की लागत वाली 761 योजनाओं का उद्घाटन कर जनता को समर्पित करेंगे. साथ ही, भविष्य की जरूरतों को देखते हुए 583 करोड़ की 612 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा.

Also Read: बिहार में पहली बार प्रवासी मजदूरों का डेटाबेस होगा तैयार, पटना में बनेगा कॉल सेंटर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >