Samastipur News: मोहनपुर प्रखंड के विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों की स्थापना एवं पुनर्जीवित करने को लेकर चल रहे जागरूकता अभियान के चौथे दिन मंगलवार को तीन विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किया गया. बीडीओ निगम झा की देखरेख में संचालित अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची, ईवीएम-वीवीपैट, नोटा और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई.
Mohiuddinagar News: तीन विद्यालयों में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के तहत श्री शंकर इंटर विद्यालय रसलपुर, जीएमआरडी कॉलेज मोहनपुर और उच्च माध्यमिक विद्यालय राजपुर जौनापुर में निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना रहा.
रसलपुर में छात्रों को दी गई चुनाव प्रक्रिया की जानकारी
श्री शंकर इंटर विद्यालय रसलपुर, जिसे अब सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालय रसलपुर के नाम से जाना जाता है, में प्रधानाध्यापक जगरनाथ यादव की देखरेख में ट्रेनर मनीत कुमार राय ने अभियान की शुरुआत की. बीएलओ के रूप में मौजूद शिक्षक अमित कुमार सिंह, धनवंत कुमार सिंह, ब्रजेश नारायण यादव और अरुण कुमार ने छात्रों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, ईवीएम-वीवीपैट और नोटा के महत्व के बारे में जानकारी दी.
जीएमआरडी कॉलेज में लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा
जीएमआरडी कॉलेज, मोहनपुर में जिला मास्टर ट्रेनर संजय राम और कुणाल कांत भारती ने छात्रों को चुनाव प्रक्रिया के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी. वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय राजपुर जौनापुर में मिथिलेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं.
जिम्मेदार नागरिक बनाने पर जोर
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना है. निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से छात्रों को चुनाव से संबंधित जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है.
सभी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान
बीडीओ निगम झा ने कहा कि प्रखंड के सभी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से निर्वाचन साक्षरता अभियान चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी को समझ सकें.
यह भी पढ़ें: 36 चौकीदारों व दफादारों की सेवा संपुष्ट, ACP और MACP का मिला वित्तीय लाभ
