दहेज हत्या आरोप: समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामचंद्रपुर (वार्ड 03) में दहेज की खातिर एक विवाहिता की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव का दाह संस्कार कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतका शिव कुमारी देवी के भाई अमरेश कुमार पासवान ने शुक्रवार को सरायरंजन थाने में पति, सास, दो भैंसुर और गोतनी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस को दिए आवेदन में नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है.
वर्ष 2016 में हुई थी शादी, लगातार प्रताड़ना का आरोप
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलोथ निवासी मृतका के भाई अमरेश कुमार पासवान ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
- शिव कुमारी की शादी वर्ष 2016 में रामचंद्रपुर निवासी विभिषण पासवान के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी.
- शादी के समय मायके वालों ने सामर्थ्य अनुसार 1.51 लाख रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये मूल्य के गहने उपहार स्वरूप दिए थे.
- परिजनों का आरोप है कि उपहारों के बावजूद ससुराल वाले अतिरिक्त रुपयों की मांग को लेकर शिव कुमारी को लगातार प्रताड़ित करते थे.
- मृतका अपने पीछे एक मासूम पुत्री और एक पुत्र को रोता-बिलखता छोड़ गई है.
मायके वालों के पहुंचने से पहले सिमरिया में जला दिया शव
पीड़ित भाई के अनुसार, ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत वारदात को अंजाम देकर साक्ष्य नष्ट करने का काम किया.
- 3 सितंबर की शाम करीब 8 बजे पति ने फोन कर मायके वालों को सूचना दी कि शिव कुमारी की मौत हो चुकी है.
- फोन पर बताया गया कि वे लोग शव का अंतिम संस्कार करने बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट पहुंच चुके हैं.
- मायके पक्ष के लोग जब तक सिमरिया घाट पहुंचे, आरोपियों ने साजिशन शव को जलाकर राख कर दिया था.
थानाध्यक्ष बोले: जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मृतका के भाई का लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सभी बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
ये भी पढ़ें: अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान: अस्पतालों और दुकानों में सिखाए आग से बचाव के गुर, सतर्कता बरतने की अपील
