उजियारपुर : थाना क्षेत्र के मथुरापुर चांदचौर में पत्नी ने पति पर पुत्र का अपहरण करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में अपहृत पुत्र की मां सह आरोपी की पत्नी किरण कुमारी के आवेदन पर उजियारपुर थाना ने बीएनएस की धारा 137 (2) के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गयी है. दर्ज एफआईआर में मथुरापुर चांदचौर में अपने मायके में रह रही किरण कुमारी ने अपने ही पति वैशाली जिला स्थित महनार रोड के पहाड़पुर निवासी अजय कुमार साह पर आरोप लगाया है कि उसके पति ने गत 20 फरवरी को 10 वर्षीय पुत्र किशु राज को ट्यूशन पढ़ने जाने के दौरान अपहरण कर लिया. इतना ही नहीं आवेदिका ने पति पर इससे चार वर्ष पूर्व प्रथम पुत्र ब्रीत्र राज का भी इसी तरह पति द्वारा कहीं छुपाने का आरोप लगाया है. जिसके बाद सामाजिक दबाव पर उसे वापस सौंप दिया गया. महिला ने पति के इस कृत से मानसिक रूप से परेशान रहने की बात बताते हुए पुलिस से जल्द पुत्र को बरामद कर लेने की गुहार लगाई है. इधर, मामले में उजियारपुर एसएचओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर बच्चे की खोजबीन के लिए घटना स्थल के समीप सीसी फुटेज को खंगाला जाने के साथ आरोपी पति के घर पर छापेमारी की गई है. उन्होंने बताया कि घटना के मूल में पति- पत्नी के बीच पिछले आठ वर्ष से जारी विवाद है. उन्होंने कहा कि विवाद के बाद से पत्नी किरण कुमारी मायके मथुरापुर चांदचौर में रहती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
