रोसड़ा यूआर कॉलेज में हड़ताल के बीच प्रायोगिक परीक्षा बाधित, छात्रों से उत्तरपुस्तिकाएं लेने पर हंगामा

समस्तीपुर के यूआर कॉलेज में मंगलवार को स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की रसायन विज्ञान प्रायोगिक परीक्षा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बाधित हो गई. कर्मचारियों ने परीक्षा कक्ष में घुसकर उत्तरपुस्तिकाएं छीन लीं, जिससे छात्रों में भारी रोष है. प्राचार्य ने परीक्षा स्थगित कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है.

Samastipur News: स्थानीय यूआर कॉलेज में मंगलवार को स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की रसायन विज्ञान प्रायोगिक परीक्षा के दौरान हंगामा हो गया. अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने परीक्षा कक्ष में पहुंचकर परीक्षार्थियों से उत्तरपुस्तिकाएं ले लीं, जिससे परीक्षा बाधित हो गई. घटना के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया. महाविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया.

Rosera News:  परीक्षा शुरू होते ही हड़ताली कर्मचारी पहुंचे

जानकारी के अनुसार, बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर यूआर कॉलेज के शिक्षकेत्तर कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. कर्मचारी कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं.

इसी बीच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की रसायन विज्ञान प्रायोगिक परीक्षा शुरू कराई गई. परीक्षा प्रारंभ होने पर शिक्षकों ने छात्रों के बीच उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण किया. इसी दौरान हड़ताली कर्मचारी नारेबाजी करते हुए परीक्षा कक्ष में पहुंच गए और परीक्षार्थियों से उत्तरपुस्तिकाएं लेकर परीक्षा रुकवा दी.

छात्रों और कर्मचारियों के बीच हुई नोकझोंक

परीक्षा बाधित होने के बाद छात्र-छात्राओं और हड़ताली कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी. कुछ देर तक कॉलेज परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही. स्थिति बिगड़ती देख महाविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.

परीक्षार्थियों ने बताया कि वे निर्धारित समय पर प्रायोगिक परीक्षा देने पहुंचे थे. परीक्षा शुरू भी हो गई थी, लेकिन कर्मचारियों के हस्तक्षेप के कारण उनकी परीक्षा अधूरी रह गई. छात्रों ने कहा कि इस तरह की स्थिति उनके शैक्षणिक भविष्य को प्रभावित कर सकती है.

छात्रों ने प्राचार्य से की शीघ्र समाधान की मांग

घटना के बाद छात्र नेता विकास कुमार पोद्दार के नेतृत्व में छात्रों का एक शिष्टमंडल प्राचार्य डॉ. संजय झा से मिला. छात्रों ने परीक्षा को लेकर जल्द समाधान निकालने और उनकी परीक्षा पूरी कराने की मांग की.

वार्ता के दौरान प्राचार्य ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनके शैक्षणिक हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और परीक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्था जल्द की जाएगी.

एक-दो दिनों के लिए स्थगित हुई परीक्षा

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय झा ने बताया कि मंगलवार को रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था. उन्हें उम्मीद थी कि हड़ताल के बावजूद छात्रों की परीक्षा प्रभावित नहीं होगी, लेकिन अचानक कर्मचारियों के हस्तक्षेप से परीक्षा बाधित हो गई.

उन्होंने बताया कि फिलहाल परीक्षा को एक-दो दिनों के लिए स्थगित किया गया है. जल्द ही नया कार्यक्रम जारी कर दोबारा प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी. प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि इस घटना से किसी भी छात्र के शैक्षणिक सत्र या परिणाम पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 1सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, महाकालेश्वर-शिरडी समेत इन जगहों का कराएगी दर्शन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj kumar thak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >