समस्तीपुर कॉलेज परिसर के परित्यक्त भवन में मिला शव, 24 घंटे बाद भी नहीं हुई पहचान

समस्तीपुर कॉलेज परिसर के पीछे एक परित्यक्त भवन से एक अज्ञात शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी है. पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है.

Samastipur Dead Body Case: मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित समस्तीपुर कॉलेज परिसर के पीछे एक परित्यक्त भवन से बरामद अज्ञात व्यक्ति के शव की 24 घंटे बाद भी पहचान नहीं हो सकी है. मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

दुर्गंध आने पर खुला मामला

बुधवार दोपहर कॉलेज के प्राचार्य ने परिसर के पीछे स्थित परित्यक्त भवन से तेज दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

तलाशी के दौरान भवन के एक खुले कमरे से करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ.

20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा शव

पुलिस के अनुसार शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और पहली नजर में यह करीब 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है.

मृतक ने लाल-उजले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि शरीर के निचले हिस्से में कोई वस्त्र नहीं था. पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से यहां फेंका गया.

पहचान के लिए कई जिलों को भेजी सूचना

मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस ने जिले के सभी थानों के साथ-साथ आसपास के सीमावर्ती जिलों को भी सूचना भेजी है.

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा. यदि इस दौरान पहचान नहीं होती है तो न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान होने के बाद हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankur kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >