Tajpur Firing: ताजपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर दिघरुआ गांव में शुक्रवार की रात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. जख्मी युवक की पहचान माधोपुर दिघरुआ गांव के वार्ड सात निवासी बैद्यनाथ राय के पुत्र रजनीश कुमार (19) के रूप में हुई है.
घटना आधी रात के आसपास की बतायी जा रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, रजनीश कुमार गांव की सीमा पर स्थित राजेंद्र चौक से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का मेला देखकर घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में कुछ बदमाशों ने उसका पीछा किया और घेरकर गोली मार दी.
गोली लगने के बाद युवक किसी तरह भागकर एक घर में घुस गया और अपनी जान बचायी. इसके बाद मौका पाकर बदमाश वहां से फरार हो गये.
युवक को लगी तीन गोलियां
बताया गया है कि फायरिंग में रजनीश कुमार को तीन गोलियां लगी हैं. एक गोली गले के निकट जबड़े में जाकर लगी. दूसरी गोली पैर में लगी, जबकि तीसरी गोली जांघ के बगल से होकर निकल गयी. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद ताजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है.
मेला में विवाद की बात सामने आयी
ताजपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि गोली लगने से एक युवक के घायल होने की सूचना मिली है. उसका पटना में इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि युवक जन्माष्टमी का मेला देखने गया था. मेला में कुछ लड़कों से उसके विवाद की बातें सामने आ रही हैं.
थानाध्यक्ष के अनुसार, बदमाश का पता चल गया है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
यह भी पढ़ें
Sonpur Division में ट्रेन की चेन पुलिंग के 123 मामले, 119 आरोपी गिरफ्तार
