समस्तीपुर पहुंचे NSUI के बड़े नेता, छात्रों के अधिकार और रोजगार को लेकर सरकार पर साधा निशाना

समस्तीपुर में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने 'छात्रों की गूंज' अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. छात्र नेताओं ने बेरोजगारी और महंगी शिक्षा जैसे मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया.

Samastipur NSUI: समस्तीपुर में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के संयुक्त अभियान 'छात्रों की गूंज' को लेकर छात्र नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इस दौरान छात्रों की समस्याओं को सड़क से संसद तक उठाने और शिक्षा व रोजगार के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया.

राहुल गांधी के अभियान को बताया छात्रों की आवाज

भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और युवा कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान 'छात्रों की गूंज' को गति देने के लिए एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष चुन्नू सिंह और पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष मनीष यादव बुधवार को समस्तीपुर पहुंचे. जिले में आगमन पर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर उनका सम्मान भी किया गया.

छात्रों के मुद्दों को लेकर हुई चर्चा

एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता शामिल हुए. बैठक में शिक्षा, रोजगार और छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देशभर के छात्रों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर उन्हें प्रभावी तरीके से उठाना है.

'बेरोजगारी और महंगी शिक्षा से परेशान है युवा'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष चुन्नू सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर चलाया जा रहा 'छात्रों की गूंज' अभियान छात्रों के अधिकारों की मजबूत आवाज बन चुका है. उन्होंने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी और महंगी शिक्षा से परेशान है. ऐसे में एनएसयूआई हर जिले में जाकर छात्रों की समस्याओं को एकत्र कर रही है, ताकि उनकी आवाज सड़क से संसद तक पहुंचाई जा सके.

'युवाओं के अधिकारों का बड़ा आंदोलन'

पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकारों की रक्षा का बड़ा आंदोलन है. उन्होंने कहा कि समस्तीपुर के छात्रों और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दिखाता है कि युवा अपने बेहतर भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए तैयार हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव आंशु, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजन ठाकुर, विवेक विराट, ललन यादव, भरत कुमार, अजय यादव, बादल यादव, हिमांशु शेखर, नवनीत यादव, सचिन यादव, सुमन कुमार समेत एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.

यह भी पढे़ं: पूर्व मंत्री महेश्वर हजारी का हाल जानने अस्पताल पहुंचे युवा क्रिकेटर भानु प्रताप सिंह, अस्पताल में भर्ती हैं विधायक


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >