Samastipur: वेंडिंग जोन के बाद भी सड़क पर दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई तय, नगर निगम सख्त

समस्तीपुर नगर निगम ने सड़क अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है. कचहरी रोड से सोनवर्षा चौक तक निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई गई है. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur News: समस्तीपुर नगर निगम ने शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए सख्त कदम उठाए हैं. नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वेंडिंग जोन बनने के बावजूद सड़कों पर कब्जा अब किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

वेंडिंग जोन में शिफ्ट हुए अधिकांश दुकानदार

नगर निगम प्रशासन ने वार्ड संख्या-34 में पटेल गोलंबर के पीछे अस्थायी वेंडिंग जोन का निर्माण कराया था. इसका उद्देश्य कचहरी रोड से सोनवर्षा चौक तक सड़क किनारे दुकान लगाने वाले सब्जी और फल विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना था, ताकि मुख्य सड़कें अतिक्रमण मुक्त रह सकें.

नगर निगम के अनुसार अधिकांश दुकानदारों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट कर दिया गया है, लेकिन कुछ दुकानदार अब भी सड़क किनारे दुकान लगाने का प्रयास कर रहे हैं.

सड़क पर दोबारा कब्जे की कोशिश

नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय निगरानी टीम का गठन किया है. यह टीम होमगार्ड जवानों के साथ मिलकर कचहरी रोड से सोनवर्षा चौक तक लगातार निगरानी करेगी.

टीम में नगर प्रबंधक आशुतोष मिश्रा, टैक्स दारोगा भूपेंद्र कुमार सिंह और एमटीएस कर्मी अर्थ कुमार को शामिल किया गया है. नगर निगम ने निर्देश दिया है कि हटाए गए अतिक्रमण को दोबारा किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाए.

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा.

जाम से राहत की उम्मीद

कचहरी रोड और सोनवर्षा चौक शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल हैं, जहां अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी. नगर निगम प्रशासन का दावा है कि इस कार्रवाई से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी.

नगर निगम ने दुकानदारों से अपील की है कि वे आवंटित वेंडिंग जोन में ही दुकान लगाएं और शहर को स्वच्छ व जाममुक्त बनाने में सहयोग करें.

समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >