Samastipur News: समस्तीपुर जिले के थाना क्षेत्र के बसढ़िया गादो बाजीतपुर स्थित एनएच-28 पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ. बाबा धाम से लौट रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे खेत में घुसते हुए एक घर की दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दीवार का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.
डीजे वाहन को साइड देने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति में थी. राजकीय मध्य विद्यालय गादो बाजितपुर के पास सामने से जा रहे एक डीजे वाहन को साइड देने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया. कार सड़क से उतरकर पहले खेत में गई और फिर सीधे घर की दीवार से टकरा गई. इस दुर्घटना में कार सवार गादो बाजीतपुर वार्ड 9 निवासी विजय कुमार (20 वर्ष), पिता राम प्रवेश सिंह, गंभीर रूप से घायल हो गए.
सदर अस्पताल रेफर, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने तत्काल विजय को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सक के अनुसार युवक का एक पैर पूरी तरह टूट गया है, जिसे देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
यह भी पढे़ें: Samastipur: बंधन बैंक में हथियार के बल पर लूट, पैसे और जेवर लेकर भागे बदमाश
