समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट
NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए.
यह भी पढ़ें:जब मुजफ्फरपुर में हुए बम हमले ने उड़ा दी थी अंग्रेजों की नींद, इतिहास में अमर हुआ शहर
20 जून तक CCTV और जैमर लगाने का निर्देश
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षार्थियों की गेट पर फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. उन्होंने सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि 20 जून 2026 तक परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरा एवं जैमर लगाने वाली एजेंसी सभी उपकरणों की स्थापना पूरी कर उनका रिहर्सल भी करा ले. किसी प्रकार की तकनीकी खराबी मिलने पर संबंधित एजेंसी एवं एनटीए के स्टेट कोऑर्डिनेटर को तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए.
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए शेड की व्यवस्था
डीएम ने कहा कि वर्तमान मौसम और गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त शेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. जहां पहले से शेड उपलब्ध हैं, उनका समुचित उपयोग किया जाए ताकि परीक्षार्थियों को धूप और गर्मी से राहत मिल सके.
हर गतिविधि की होगी जवाबदेही
पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि के लिए जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के अंतिम समय में किसी भी प्रकार का रिप्लेसमेंट अथवा अनधिकृत गतिविधि नहीं होनी चाहिए. परीक्षा केंद्रों पर आने-जाने वाले अभ्यर्थियों की विशेष निगरानी रखने तथा परीक्षा अवधि में बाहर जाने, दोबारा प्रवेश करने या पहनावे में बदलाव जैसी गतिविधियों पर भी सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए गए.
यह भी पढ़ें:जब मुजफ्फरपुर में हुए बम हमले ने उड़ा दी थी अंग्रेजों की नींद, इतिहास में अमर हुआ शहर
शांतिपूर्ण परीक्षा कराने पर जोर
बैठक में सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया गया. बैठक में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर दिलीप कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) प्रेम झा सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे. वहीं क्षेत्रीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: चकोटी मठ से निकली कलश शोभायात्रा, 2100 कन्याओं ने लिया भाग
