समस्तीपुर के मुहर्रम जुलूस में दो गुटों में झड़प, युवक की चाकू मारकर हत्या

समस्तीपुर के कल्याणपुर में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प में मुंबई से घर लौटे 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वहीं दूसरे मामले में जुलूस से लौट रहे एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया.

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर भुट्टा चौक के समीप शुक्रवार शाम मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

चार दिन पहले मुंबई से घर लौटा था युवक

मृतक की पहचान गोपालपुर भुट्टा चौक निवासी मो. जब्बार के 26 वर्षीय पुत्र मो. जावेद के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार जावेद मुंबई में मजदूरी करते थे और मुहर्रम का पर्व मनाने के लिए चार दिन पहले ही गांव लौटे थे.

शुक्रवार शाम वह गांव के भुट्टा अखाड़ा से निकाले जा रहे ताजिया जुलूस में शामिल थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इसी दौरान एक युवक ने जावेद के सीने में चाकू घोंप दिया.

अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांस

चाकू लगने के बाद जावेद गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

दूसरे मामले में जुलूस से लौट रहे युवक पर हमला

इधर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहीमपुर रूदौली गांव में ताजिया जुलूस से घर लौट रहे 18 वर्षीय मो. हंजला पर कुछ लोगों ने रास्ते में घेरकर हमला कर दिया. हमलावरों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.

घायल हंजला को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

परिजनों का आरोप है कि एक दिन पहले मोहल्ले के कुछ युवकों ने उनकी खिलौने की दुकान पर शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी. विरोध करने पर मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी. इसी रंजिश में शुक्रवार को दोबारा हमला किया गया.

पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें: अश्लील गाना बजाने का विरोध किया तो गला घोंटकर कर दी हत्या, 15 लोगों पर प्राथमिकी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >