Samastipur: एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाते थे पैसे, पुलिस ने 32 एटीएम कार्ड के साथ दो साइबर ठगों को दबोचा

समस्तीपुर में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. दो आरोपियों के पास से 32 एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद हुए हैं. पढ़ें पूरी खबर...

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से पैसे उड़ाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से अलग-अलग बैंकों के 32 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.

एटीएम बदलकर की थी 32 हजार की ठगी

मंगलवार को मथुरापुर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी टू संजय कुमार ने बताया कि 3 फरवरी को बाजार समिति मथुरापुर स्थित कैनरा बैंक एटीएम में एक महिला के साथ ठगी की घटना हुई थी.

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले की रहने वाली अनिता देवी ने आवेदन देकर बताया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 32 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. इस मामले में 9 फरवरी को मथुरापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की नजर

मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार एटीएम और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रख रही थी. इसी क्रम में 11 मई को मथुरापुर घाट स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए.

पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सुधीर कुमार और विकास कुमार बताया. दोनों मुजफ्फरपुर जिले के मिनापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.

तलाशी में मिले 32 एटीएम कार्ड

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर सुधीर कुमार के पास से 17 एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि विकास कुमार के पास से 15 एटीएम कार्ड और एक मोबाइल मिला.

दोनों के पास से कुल 32 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है.

कई जिलों में सक्रिय था गिरोह

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलते थे और खाते से पैसे निकालते थे. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली समेत कई जिलों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं.

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में पिछले छह महीने के दौरान हुई तीन घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

पुलिस टीम की कार्रवाई

डीएसपी ने बताया कि इस कार्रवाई में मथुरापुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, पुअनि प्रीति कुमारी, सअनि राजू कुमार यादव सहित डीआईयू टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल थे.

फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >