नाबालिग छात्रा से गैंगरेप मामले में गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़क जाम, पुलिस ने 24 घंटे का दिया आश्वासन

मुसरीघरारी में नाबालिग छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

Samastipur News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को मुसरीघरारी चौराहा जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की.

कार्रवाई में देरी पर जताई नाराजगी

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना के सात दिन बाद भी किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उनका आरोप था कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में देरी हो रही है, जिससे लोगों का पुलिस पर भरोसा कमजोर पड़ रहा है.

आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सड़क पर टायर जलाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया. इससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई. बाद में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की दिशा में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो गया.

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

गौरतलब है कि पिछले मंगलवार की शाम थाना क्षेत्र के एक गांव की नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा घर से करीब 50 मीटर दूर घास काटने गई थी. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की. बाद में वह एक मक्के के खेत में बेहोशी की हालत में मिली.

परिजनों ने तीन लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पुलिस ने छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और कपड़ों को जांच के लिए सुरक्षित रखा है. परिजनों ने घटनास्थल के पास एक हस्तलिखित पत्र मिलने का भी दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का हिस्सा बताया है.

थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >