समस्तीपुर : जिला पुलिस की ओर पुलिस सप्ताह कार्यक्रम के अवसर पर रविवार को सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में निशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस अवसर पर चार दर्जन से अधिक पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों ने स्वेच्छापूर्वक अपना रक्तदान किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यालय डीएसपी केके दिवाकर और लाइन डीएसपी सुनील कुमार ने की. मुख्यालय डीएसपी ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है. इसलिए शिविर के माध्यम से रक्त एकत्र किए जाते हैं, जिससे किसी भी जरूरतमंद को समय पर उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाई जा सकती है. रक्तदान करने से शरीर द्वारा रक्त बनाने कि प्रक्रिया तीव्र हो जाती है. शरीर में रक्त कोशिकाएं तेजी से बनने लगती है और लाल रक्त कोशिकाओं का फिर से निर्माण होता है. उन्होंने शिविर में रक्तदान कर रहे पुलिस कर्मियों को उत्साहित किया.
रक्तदान महादान की श्रेणी में आता है
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा गिरिश कुमार ने बताया कि रक्तदान महादान की श्रेणी में आता है. उन्होंने रक्तदान करने से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से चर्चा की. कहा कि रक्तदान से हृदयघात की संभावना कम हो जाती है. प्रत्येक स्वास्थ्य व्यक्ति कम से कम छह माह में एक बार रक्तदान कर सकते हैं. लाइन डीएसपी ने बताया कि रक्तदान शिविर में पुलिस कर्मियों ने 24 यूनिट रक्त ब्लड बैंक में दान किया है. उन्होंने बताया कि पुलिस सप्ताह कार्यक्रम के तहत जिले में जन जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रम निर्धारित है. मौके पर सार्जेंट विपुल कुमार, विभूतिपुर थानाध्यक्ष आनंद कश्यप, हलई थानाध्यक्ष राहुल कुमार, एससी एसटी थानाध्यक्ष आरके भारती, निरंजन कुमार, सुरेश कुमार यादव, अभय नारायण सिंह समेत दर्जनाें पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
