Samastipur : रोसड़ा-हसनपुर विधानसभा के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की अधिसूचना जारी होते ही आज से अभ्यर्थियों के नामांकन की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू होगी.

रोसड़ा . बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की अधिसूचना जारी होते ही आज से अभ्यर्थियों के नामांकन की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू होगी. रोसड़ा एवं हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन कार्य अनुमंडल मुख्यालय में किया जायेगा. रोसड़ा में अनुमंडलीय सभागार को नाम निर्देशन कार्यालय बनाया गया है. वहीं हसनपुर के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) कक्ष को नामांकन स्थल निर्धारित किया गया है. दोनों स्थानों पर प्रशासन ने 17 कोषांग बना कर तैयारी पूरी कर ली है. नाम निर्देशन कक्ष को दुल्हन की तरह सजाया गया है. जबकि पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है. संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी. सुरक्षा की दृष्टि से नामांकन स्थल के रास्ते में कुल छह ड्रॉप गेट बनाये गये हैं. प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. जिनमें ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता प्रणव कुमार, पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता केदार कुमार एवं रमीज राजा अंसारी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पंकज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अखिलेश्वर प्रसाद व कृषि समन्वयक अंजनी कुमार शरण शामिल हैं. निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार एवं डीसीएलआर कंचन कुमारी झा ने बताया कि अभ्यर्थियों को नामांकन के लिए नाजीर रसीद लेकर शुल्क जमा करना होगा. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 10 हजार एवं अनु जाति/जनजाति वर्ग के लिए 5 हजार रुपए निर्धारित हैं. नाम निर्देशन के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अभ्यर्थी एक प्रस्तावक व तीन समर्थकों के साथ प्रवेश कर सकेंगे. जबकि गैर मान्यता प्राप्त दलों के उम्मीदवारों को 10 प्रस्तावक की अनुमति दी गई है. नामांकन स्थल से 100 मीटर की दूरी पर समर्थकों को रोकने का निर्देश दिया गया है. नामांकन कक्ष में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है. रोसड़ा एवं हसनपुर दोनों कार्यालयों में 20 से 25 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. नामांकन के दौरान अभ्यर्थी चार सेट में नाम निर्देशन पत्र भर सकेंगे. मान्यता प्राप्त दलों के उम्मीदवारों को एक सेट में वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई जायेगी. जबकि गैर मान्यता प्राप्त दलों को जिला अभिलेखागार से सत्यापित प्रति मिलेगी. हसनपुर नाम निर्देशन कक्ष में संतोष प्रसाद कर्ण, मनीष कुमार, केसरी कुमार शरण, उग्रनाथ झा, राम कुमार चौपाल, राजेश रंजन, अनिल कुमार, प्रवीण कुमार पंकज, राजेश रत्नाकर सहित सभी कर्मी अपने-अपने कोषांग पर तैनात रहे. अब तक किसी ने नाजीर रसीद नहीं ली है. दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. अभ्यर्थियों को नामांकन के साथ शपथ पत्र, निर्वाचन नामावली की सत्यापित प्रति, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज पांच फोटो, बैंक खाता विवरण, राजनीतिक दल का प्रपत्र, नो ड्यूज प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज संलग्न करने होंगे. नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित की गई है. चुनावी माहौल में नामांकन प्रक्रिया के शुरू होते ही रोसड़ा एवं हसनपुर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABHAY KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >