आदर्श नगर में बड़ा हादसा टला, ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान कटी गैस पाइपलाइन, घंटों आपूर्ति बाधित

समस्तीपुर के आदर्श नगर में ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान गैस पाइपलाइन कट गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और घंटों गैस आपूर्ति बाधित रही।

प्रतिनिधि, ​समस्तीपुर: शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर मोहल्ले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यहां एक निजी होटल के पास बिजली का नया ट्रांसफार्मर लगाने के दौरान खुदाई करते समय मुख्य गैस पाइपलाइन कट गई. पाइपलाइन कटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ​स्थानीय लोगों के अनुसार, आदर्श नगर स्थित एक होटल के समीप बिजली विभाग या संवेदक द्वारा क्रेन की मदद से नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था. इस दौरान बिना किसी पूर्व सूचना या रूट मैप की जांच किये उपकरणों से खुदाई शुरू कर दी गई. जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी पाइपलाइन इसकी चपेट में आ गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. ​गैस रिसाव की खबर फैलते ही आसपास के घरों में डर का माहौल बन गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गैस कंपनी के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन को दी. सुरक्षा के लिहाज से कंपनी द्वारा तुरंत पीछे से मुख्य आपूर्ति को बंद किया गया. इसके कारण आदर्श नगर और आसपास के सैकड़ों घरों में पाइपलाइन से होने वाली रसोई गैस की आपूर्ति घंटों बाधित रही, जिससे लोगों को खाना बनाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. ​सूचना मिलते ही गैस कंपनी की तकनीकी टीम और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे. गैस का दबाव कम होने के बाद टीम ने युद्ध स्तर पर मरम्मत का कार्य शुरू किया. कटी हुई पाइपलाइन को बदलने और सुरक्षा जांच पूरी करने में तकनीकी टीम को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद गैस आपूर्ति बहाल की जा सकी. स्थानीय लोगों ने आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही पर रोष व्यक्त किया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Girija nandan sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >