Samastipur News: स्थानीय विधायक राजकुमार राय ने पटना स्थित विश्वेश्वरैया भवन में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात कर हसनपुर विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा. विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति से मंत्री को अवगत कराया और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की. मंत्री ने समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन दिया.
Hasanpur News: कई प्रमुख सड़कों के निर्माण की उठाई मांग
विधायक राजकुमार राय ने बताया कि हसनपुर और बिथान प्रखंड की कई महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण वर्षों से लंबित है. उन्होंने बिथान बाजार काली स्थान से जगमोहरा ढाला, आतापुर नकुनी पुल से कनुआकोट होते हुए औरा सीमा, बिथान-सलौना पथ के कमलेश्वरीपुर-मरथुआ से बेगूसराय सीमा, हसनपुर चौहान चौक से शिवोत्तर एवं नकुनी दुर्गा स्थान तक सहित कई अन्य सड़कों के निर्माण की मांग रखी.
ग्रामीणों की सुविधा को लेकर दिया जोर
ज्ञापन में बिथान के चंदौली शिव मंदिर चौक से मालसर ढाला, मौजी बजरंगबली स्थान से डीहवार स्थान, सिंघिया के विष्णुपुर डीहा पंचायत के सोनसा महादलित टोला से सोनमनी सीमा, सालेपुर एसएच-88 से करही सोनसा होते हुए रेणुका सीमा, खुटौना से तिलकेश्वर तथा बिथान बाजार दुर्गा स्थान चौक से रेलवे ओवरब्रिज होते हुए करांची ढाला तक सड़क निर्माण की मांग भी शामिल की गई. विधायक ने कहा कि इन सड़कों के बनने से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.
मंत्री ने दिया शीघ्र कार्रवाई का भरोसा
विधायक ने बताया कि ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर सड़क संपर्क के लिए सरकार गंभीर है तथा प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें; पूसा में आधुनिक खेती पर कार्यशाला, 65 किसानों को मिला इफको मिनी किट
