अतिक्रमण और गंदगी से जूझ रहा ऐतिहासिक खुदनेश्वर धाम, श्रद्धालुओं ने उठाए सवाल

समस्तीपुर का ऐतिहासिक खुदनेश्वर धाम आज भी चारदीवारी के अभाव में असुरक्षित है. हजारों श्रद्धालु यहां आते हैं, लेकिन सुरक्षा और सुविधाओं की कमी चिंताजनक है. 62 लाख की चारदीवारी निर्माण योजना स्वीकृत हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है.

Samastipur News: मोरवा प्रखंड क्षेत्र का ऐतिहासिक खुदनेश्वर धाम आज भी चारदीवारी के अभाव में पूरी तरह असुरक्षित बना हुआ है. पौराणिक, धार्मिक और पर्यटन महत्व रखने वाले इस मंदिर परिसर में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की कमी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है. मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि 62 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी निर्माण की योजना स्वीकृत हो चुकी है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया चल रही है.

Morwa News: अतिक्रमण और गंदगी से धूमिल हो रही पहचान

चारों ओर खुला रहने के कारण मंदिर परिसर में अतिक्रमण, आवारा पशुओं की आवाजाही और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे मंदिर की गरिमा प्रभावित हो रही है. कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है.

पर्यटन स्थल होने के बावजूद सुविधाओं का अभाव

खुदनेश्वर धाम को पर्यटन स्थल का दर्जा प्राप्त है. यहां शिवरात्रि और श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से खुदनेश्वर महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है. इसके बावजूद मंदिर परिसर की सुरक्षा और रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं है. लोगों ने शिवगंगा की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई.

62 लाख की योजना टेंडर प्रक्रिया में

मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्रदेव शर्मा ने बताया कि चारदीवारी निर्माण की योजना स्वीकृत हो चुकी है. करीब 62 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर की चारदीवारी बनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल टेंडर प्रक्रिया चल रही है और विभाग से इसे शीघ्र धरातल पर उतारने का आग्रह किया गया है.

श्रद्धालुओं ने जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की

स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदनेश्वर धाम हिंदू-मुस्लिम एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है. ऐसे महत्वपूर्ण स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है. श्रद्धालुओं ने प्रशासन से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों की खुली पोल! निरीक्षण में पढ़ाई छोड़ मोबाइल चलाते मिले शिक्षक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj kumar verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >