Rosera News: देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर रोसड़ा स्थित श्री शक्ति धाम खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. सुबह से ही बाबा खाटू श्याम के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं ने बाबा को गुलाब के फूल, मोरछड़ी और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की.
भजन संध्या में भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु
शाम होते ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया. आचार्य आशीष शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की ज्योति प्रज्वलित कर भजन संध्या का शुभारंभ कराया. मुख्य यजमान मनोज चौधरी अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए.
गणेश वंदना से शुरू हुए भजन कार्यक्रम में बाबा खाटू श्याम, रानी सती दादी और इच्छा पूर्ति हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया गया. भजन गायकों आशीष शर्मा, श्रवण शर्मा, गोपाल यादव और नीतू बजाज की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में झूमते रहे.
दिल्ली से मंगाई गई विशेष मालाओं से हुआ श्रृंगार
इस अवसर पर बाबा खाटू श्याम का दिल्ली से मंगाई गई गजरों की विशेष मालाओं से भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया. इसकी व्यवस्था विकास अग्रवाल 'विक्की' ने की.
महाआरती के साथ संपन्न हुआ आयोजन
कार्यक्रम की व्यवस्था में राजेश खेमका, विकास अग्रवाल, दीपक गोयल, नितेश कुमार सर्राफ, शंभू कानोडिया, सुनील चौधरी, शुभांग मुंशी, निखिल गुप्ता, मामराज अग्रवाल, मानमल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहयोग किया. आयोजन का संचालन दुर्गा प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में किया गया. अंत में महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया.
