समस्तीपुर: नगर थाना क्षेत्र स्थित सदर अनुमंडल कार्यालय के नजदीक ओवरब्रिज के पास समस्तीपुर दरभंगा मुख्य मार्ग में शुक्रवार को यात्री बस की ठोकर से हुई महिला की मौत को लेकर सड़क जाम और हंगामा करने वाले लोगों के विरुद्ध नगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. दर्ज प्राथमिकी में मुफस्सिल थानाक्षेत्र के मुसापुर वार्ड 28 निवासी उमेश कुमार गुप्ता के पुत्र रोहित कुमार, सीताराम साह के पुत्र सुधीर साह, जामुन साह के पुत्र राजकुमार साह, बेलारी गांव के वार्ड 06 निवासी विशुनदेव साह के पुत्र मंटुन साह, शंकर साह, फुलटून साह समेत सात को नामजद और 70 से 80 अज्ञात महिला और पुरुष को आरोपित किया गया है.
सदर अनुमंडल कार्यालय के समीप ओवरब्रिज के पास हुआ था हादसा
बता दें कि गुरुवार देर शाम नगर थानाक्षेत्र स्थित सदर अनुमंडल कार्यालय के समीप ओवरब्रिज के पास यात्री बस की ठोकर से एक महिला की मौत हो गई थी. मृतका की पहचान मुफस्सिल थानाक्षेत्र के मूसापुर वार्ड 28 निवासी संजय साह की 42 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी देवी के रूप में हुई. घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को जब्त कर लिया और दूसरे दिन सुबह सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन यात्री बस को भी जब्त कर लिया. इधर, दूसरे दिन शुक्रवार को सदर अस्पताल में शव के पोस्टमार्टम के बाद मृतका के परिजन व ग्रामीणों ने ओवरब्रिज के पास समस्तीपुर दरभंगा मार्ग को जाम करते हुए सडक पर जमकर हंगामा किया. सड़क जाम कर रहे लोगों ने सड़क पर जाम में फंसे वाहनों में तोड़फोड़ की. राहगीर व वाहन चालकों के साथ धक्का मुक्की, गाली गलौज व नोकझोंक किया. करीब आधा घंटा तक यातायात प्रभावित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग थी. खासकर सड़क जाम रहने के दूर दराज के लोग व मैट्रिक के परीक्षार्थियों को काफी कठिनाई हुई. नगर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि सड़क जाम करने, आमजनों के साथ धक्का मुक्की, गाली गलौज व नोकझोंक करने, परीक्षार्थियों को परेशानी में डालने व सरकारी काम काम बाघा उत्पन्न करने के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
