समस्तीपुर पुलिस लाइन में पसरा मातम, दो मासूम बेटों और बीमार मां को छोड़ गई मालती

समस्तीपुर पुलिस लाइन में 32 वर्षीय महिला सिपाही मालती कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आधी रात पेट दर्द से पीड़ित होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर हो गई. इस घटना ने पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ा दी है.

Samastipur Women Constable Death: समस्तीपुर पुलिस केंद्र में पदस्थापित 32 वर्षीय महिला सिपाही मालती कुमारी की शुक्रवार तड़के सदर अस्पताल में इलाज के दौरान असामयिक मौत हो गई. गुरुवार की मध्य रात्रि पुलिस केंद्र स्थित सरकारी क्वार्टर में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद सहकर्मियों द्वारा उन्हें तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल कराया गया था, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आईसीयू में स्थानांतरित किया गया. मृतका सिपाही संख्या 166 के रूप में पुलिस केंद्र की डिस्पैच शाखा में अपनी सेवाएं दे रही थीं. वह मूल रूप से रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र स्थित मल्हीपुर गांव निवासी सीताराम सिंह की पुत्री थीं. इस आकस्मिक घटना से पुलिस महकमे में गहरा शोक व्याप्त है.

आधी रात उठा पेट दर्द, आईसीयू में सुबह चार बजे तोड़ा दम

घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार की देर रात करीब दो बजे पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में मालती कुमारी को अचानक पेट में अत्यधिक तेज दर्द की शिकायत हुई. उस वक्त वे अपने क्वार्टर में अपने दो मासूम बच्चों और बीमार मां के साथ मौजूद थीं. तबीयत तेजी से बिगड़ने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद पुलिस सहकर्मी तुरंत उनके आवास पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले गए. प्राथमिक उपचार के उपरांत डॉक्टरों के परामर्श पर उन्हें आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान ही उनकी सांसें थम गईं.

सहकर्मियों ने लगाए लापरवाही के आरोप, जांच में जुटे पुलिस अधिकारी

महिला सिपाही के असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस लाइन और सहकर्मियों में मातम पसर गया. घटना के बाद कुछ सहकर्मियों ने अस्पताल प्रशासन पर समय रहते समुचित उपचार न करने और घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया. सूचना मिलते ही लाइन डीएसपी सुनील कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके साथ ही बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रामजन्म कुमार सहित एसोसिएशन के कई सदस्य भी सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.

दो छोटे बच्चों और बीमार मां का सहारा थीं मालती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालती कुमारी अपने परिवार का मुख्य संबल थीं. पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में उनके साथ उनके दो छोटे-छोटे पुत्र और वृद्ध मां रहती थीं. उनकी मां लंबे समय से एक असाध्य बीमारी से ग्रसित हैं, जिनकी देखभाल मालती ही करती थीं. अचानक हुई इस दुखद घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों और बीमार मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

परिजनों के आगमन के बाद होगा पोस्टमार्टम, जांच जारी

लाइन डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने घटना के संबंध में बताया कि मृतका के रोहतास स्थित पैतृक आवास पर परिजनों को सूचना दे दी गई है. शव को सुरक्षित अभिरक्षा में सदर अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है. परिजनों के समस्तीपुर पहुंचने और उनकी उपस्थिति के उपरांत ही विधिवत पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक चिकित्सकीय कारणों का खुलासा हो सकेगा.


ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में दिव्यांगों को मिली बड़ी सौगात! डीएम कुमार गौरव ने बांटी बैट्री चालित ट्राइसाइकिल, दिए ₹1-₹1 लाख के एफडी सर्टिफिकेट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Girija nandan sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >